तड़के पांच बजे गर्मी,6 बजे बारिश के साथ ठंड का तड़का: तीन दिनों तक जारी रहेगा रिमझिम बारिश का दौर
सुबह -सुबह शाम सा नजारा,एक इंच से ज्यादा पानी गिरा

जबलपुर, यशभारत। सूबे में ओले-बारिश का दौर शुरू हो गया है। जबलपुर में सुबह से ही रुक-रुक कर तेज बारिश हो रही । संभाग के कई जिलों में बारिश के साथ ओले गिरने की भी खबर है। शनिवार की सुबह पांच बजे मौसम ठीक ठाक था । कुछ देर बाद मौसम ने करौंटा लिया और घने काले बादलों के आने से सुबह 6 बजे ऐसा लगा मानो शाम को अंधेरा हो गया है। तेज बारिश के बाद अचानक ठंड का जोरदार तड़का लगा जिससे सुबह सैर सपाटे के लिए निकले लोग सिहर उठे। सुबह साढ़े 8 बजे तक जहां 30.2 मिली मीटर बारिश हुई थी।
समाचार लिख जाने तक आंकड़ा एक इंच से ज्यादा हो गया है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में जबलपुर कटनी,पचमढ़ी, हरदा, सागर, खजुराहो, पन्ना, में आकाशीय बिजली चमकने के साथ ओले गिरने और 50 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से आंधी चलने का अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार, जबलपुर में बारिश की संभावना पहले से ही जताई गई थी, और शनिवार की सुबह से ही शहर के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। जमकर बारिश ने बता दिया कि साल के अंतिम दिन ठंडक भरा माहौल रहेगा। मौसम केंद्र के विज्ञानियों के मुताबिक भले ही अभी तापमान में बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन साल के आखिरी दिन तापमान में दो से चार डिग्री की गिरावट देखने को मिलेगी। कल शुक्रवार सुबह बादल छंटने के कारण निकली धूप ने जहां शहरवासियों को ठंडक में गर्मी का अहसास करवाया, वहीं आधी रात के बाद शहर में एकाएक मौसम का मिजाज बदला और तड़के शहर बारिश शुरू हो गई। जो समाचार लिख जाने तक रुक रुक कर जारी है। जबलपुर में बारिश से फिर लौटी ठंड जबलपुर में बीते दो दिनों से ठंड का असर कम हो गया था, लेकिन शनिवार तड़के सुबह से हुई तेज बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है, जिससे ठंड एक बार फिर लौट आई है।मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, जबलपुर और आसपास के क्षेत्रों में आगामी दो दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है। यह बारिश ठंड को और बढ़ा सकती है, जिससे लोगों को फिर से सर्द मौसम का अनुभव होगा। शहरवासियों को रात में ठंडक से राहत मिली और तापमान सामान्य से अधिक रहा। शुक्रवार को शहर में अधिकतम तापमान सामान्स से 5 डिग्री अधिक 29.9 डिसे और न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री अधिक 14.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि शनिवार की सुबह का तापमान सामान्य से 7 डिसे अधिक 17.5 डिसे रहा। सुबह की आद्रता 98 प्रतिशतदजग् की गई।