
स्वस्थ आहार से उज्ज्वल भविष्य: ईट राइट–शाइन ब्राइट कार्यक्रम में श्रीमती मल्लिका नड्डा का छात्राओं को संदेश
जबलपुर, यश भारत। जबलपुर के शासकीय मोहनलाल हरगोविंद दास गृह विज्ञान एवं विज्ञान स्वशासी महिला महाविद्यालय में अपोलो हॉस्पिटल के सहयोग से “ईट राइट–शाइन ब्राइट” स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती मल्लिका नड्डा ने कहा कि वही आहार सबसे अच्छा है, जो जीवन को स्वास्थ्य, ऊर्जा और सकारात्मकता से भर दे। उन्होंने छात्राओं को मातृशक्ति और छात्र शक्ति बताते हुए स्वस्थ महिला को सशक्त परिवार और समाज की नींव बताया।

श्रीमती नड्डा ने छात्राओं से सीधे संवाद करते हुए उनके हीमोग्लोबिन स्तर, दैनिक आहार और जीवनशैली पर चर्चा की। उन्होंने महिलाओं में बढ़ते सर्वाइकल और ब्रेस्ट कैंसर पर चिंता जताते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच और संतुलित आहार अपनाने की अपील की। साथ ही ‘श्री अन्न’ यानी मोटे अनाज (मिलेट्स), हरी सब्जियों और फलों को भोजन में शामिल करने पर विशेष जोर दिया।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के उपाध्यक्ष डॉ. सौरभ बड़ेरिया ने जंक फूड को स्वास्थ्य के लिए घातक बताते हुए अनुशासन को अच्छे स्वास्थ्य की कुंजी कहा। उन्होंने छात्र जीवन में संयम, सकारात्मक सोच और सही आहार के महत्व को रेखांकित किया।








