बंसल वन मॉल के दो बार एवं रेस्टोरेंट में जीएसटी का छापा

बंसल वन मॉल के दो बार एवं रेस्टोरेंट में जीएसटी का छापा
देर रात तक चली कार्रवाई; ग्राहकों को बाहर निकाल खंगाले दस्तावेज
भोपाल, यशभारत। राजधानी के पॉश इलाके में स्थित बंसल वन मॉल में सोमवार की रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्टेट जीएसटी की टीम ने भारी पुलिस बल के साथ दो बड़े बार और रेस्टोरेंट पर धावा बोल दिया। रानी कमलापति रेलवे स्टेशन के समीप स्थित इस मॉल के द हाउस ऑफ रास्ताऔर माय बार पर टैक्स चोरी की शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई।
मिली जानकारी के अनुसार स्टेट जीएसटी विभाग को लंबे समय से इन प्रतिष्ठानों द्वारा टैक्स चोरी की सूचना मिल रही थी। सोमवार देर रात जब बार और रेस्टोरेंट में ग्राहकों की भीड़ थी, तभी टीम ने वहां प्रवेश किया। जांच के दौरान किसी भी प्रकार के व्यवधान को रोकने के लिए विभाग ने सबसे पहले परिसर में मौजूद ग्राहकों को बाहर निकाला। इसके बाद पूरे परिसर को सील कर जांच शुरू की गई।
रिकॉर्ड और डिजिटल डेटा जब्त
विभागीय सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान काउंटर पर रखे कैश के साथ-साथ बिलिंग सिस्टम और अकाउंट बुक्स को कब्जे में ले लिया गया है। टीम डिजिटल रिकॉर्ड और हार्ड डिस्क की भी गहनता से जांच कर रही है ताकि वास्तविक बिक्री और घोषित टर्नओवर के अंतर को पकड़ा जा सके। अधिकारियों को आशंका है कि कच्चे बिलों के जरिए लाखों रुपए की जीएसटी चोरी की गई है।
सत्ता पक्ष से जुड़ा है कनेक्शन
इस छापेमारी ने राजनीतिक हलकों में भी चर्चा छेड़ दी है। जानकारी के अनुसार, इन दोनों प्रतिष्ठानों का संचालन एमके इंटरप्राइजेस फर्म के जरिए किया जा रहा है, जो भाजपा नेता श्रवण मिश्रा और उनकी पत्नी रेणुका मिश्रा के नाम पर पंजीकृत है। सत्ता पक्ष से जुड़े व्यक्ति का प्रतिष्ठान होने के कारण विभाग बेहद सावधानी और गोपनीयता के साथ कागजी कार्रवाई पूरी कर रहा है।
करोड़ों के टर्नओवर में गड़बड़ी की आशंका
फिलहाल विभाग ने टैक्स चोरी की सटीक राशि का खुलासा नहीं किया है। अधिकारियों का कहना है कि जब्त दस्तावेजों और कंप्यूटर डेटा का मिलान किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही जुर्माने और चोरी की गई वास्तविक राशि स्पष्ट हो पाएगी। खबर लिखे जाने तक संबंधित पक्ष की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।







