
जबलपुर यश भारत। टैक्स चोरी के मिले इनपुट पर एंटी इवेजन ब्यूरो ने जबलपुर समेत कटनी, शहडोल की तीन फर्मों में एक साथ सर्चिंग की कार्रवाई की। स्टॉक मिलान के साथ दस्तावेजों की जांच हुई। प्रारंभिक जांच में जीएसटी अधिकारियों को भारी गड़बड़ियां मिली है। जिसकी विस्तृत पड़ताल की जा रही है । अब तक की जांच में यह बात सामने आई है कि कारोबारियों ने टैक्स चोरी करने बिना बिल के लाखों का माल बेचा है।
रात तक चला स्टॉक मिलान-देर रात तक स्टॉक मिलान का काम चला। लेकिन कार्रवाई पूरी नहीं हो पाई । व्यवसाय स्थल में रविंद्र सनोडिया, सहायक आयुक्त,मनीष जैन, सहायक आयुक्त, संदीप घनघोरिया, निरीक्षक, रत्नेश परिहार निरीक्षक एवंं विकास भारद्वाज कराधान सहायक के नेतृत्व में कार्रवाई चली। वहीं निवास स्थल में बिन्नी धुर्वे, सहायक आयुक्त, निधि चौधरी, निरीक्षक, एस बी तिवारी, निरीक्षक ने जांच की।
माढ़ोताल स्थित अमर इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में दबिश-स्टेट जीएसटी की एंटी इवेजन ब्यूरो, जबलपुर ने टैक्स में मिली अनियमितताओं को आईटीआई माढ़ोताल दीनदयाल स्थित अमर इलेक्ट्रोनिक्स में दबिश दी। व्यवसाई मोबाइल, एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के क्रय विक्रय का व्यवसाय करते हैं, विवरण पत्रों में गड़बड़ी प्रदर्शित हुई है, व्यवसाय स्थल में पाए गए दस्तावेजों की जांच की जा रही है। इसके अलावा कटनी, शहडोल में भी जीएसटी ने छापा मारा है।
ठिकानें किए गए सील-कार्रवाई पूरी न होने के चलते फर्मों के ठिकानों को सील कर दिया गया आज पुनः जीएसटी की कार्रवाई जारी रहेगी। कार्रवाई पूरी होने में अभी दो से तीन लग सकते है जिसके बाद ही पता चल सकेगा कि कारोबारियों ने कितनी टैक्स चोरी की है।
इनका कहना है–
मंगलवार दोपहर 2 बजे एक साथ जबलपुर, कटनी, शहडोल के तीन मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स फर्मों में कार्रवाई की गई। स्टॉक मिलान के साथ दस्तावेजों की जांच हुई। कार्रवाई पूरी होने में दो से तीन दिन लग सकते है। विस्तृत जांच के बाद कारोबारियों से टैक्स एवं पेनाल्टी की राशि वसूली जाएगी।
गणेश सिंह कँवर, ज्वाइंट कमिश्नर, एंटीइवेजन ब्यूरो जबलपुर







