भोपालमध्य प्रदेश

दादी के घर में ही सेंध लगाने वाला नाती दोस्त सहित गिरफ्तार, 7 लाख के जेवरात बरामद

दादी के घर में ही सेंध लगाने वाला नाती दोस्त सहित गिरफ्तार, 7 लाख के जेवरात बरामद

भोपाल, यशभारत। राजधानी के टीटी नगर इलाके में एक कलयुगी नाती द्वारा अपनी ही सगी दादी के घर में लाखों की चोरी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए चोरी का पर्दाफाश कर दिया है और आरोपी नाती व उसके एक साथी को गिरफ्तार कर उनके पास से शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है। जब्त किए गए सोने-चांदी के जेवरात की कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई जा रही है।

थाना प्रभारी गौरव सिंह दोहर ने बताया कि बाणगंगा नॉर्थ निवासी 65 वर्षीय मनसा बाई उर्फ मथरा श्रीवास बीते 8 मई को किसी काम से भोपाल से बाहर जबलपुर गई थीं। घर पर उनकी नातिन खुशी और नाती ऋषभ मौजूद थे। 13 मई को जब बुजुर्ग महिला वापस लौटीं और अलमारी खोली, तो उसमें रखे सोने का हार, चूड़ियां, टॉप्स, अंगूठी, मंगलसूत्र और चांदी की पाजेब गायब थे। घर में ही खोजबीन करने और नाती-नातिन से पूछने पर भी जब जेवरात का कुछ पता नहीं चला, तो पीड़िता ने टीटी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संदेह के आधार पर घर में मौजूद नाती ऋषभ उर्फ विशेष श्रीवास और उसके साथी आयुष श्रीवास निवासी शाहपुरा को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपियों ने चुराया हुआ माल प्लेटिनम प्लाजा के पास एक खंडहर मकान में छिपाकर रखा था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के आदेश पर केंद्रीय जेल भोपाल भेज दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button