जबलपुरमध्य प्रदेश

6वीं वाहिनी जबलपुर में ‘गार्डन ऑफ़ रेज़िलिएंस’ का भव्य लोकार्पण

पुलिस परिसर में आत्मनिर्भरता का अनोखा प्रतीक

जबलपुर,यशभारत। 6वीं वाहिनी, मध्यप्रदेश विशेष सशस्त्र बल, जबलपुर परिसर में  “गार्डन ऑफ़ रेज़िलिएंस” (संवेदनशीलता का उद्यान) का भव्य लोकार्पण अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रमोद कुमार वर्मा, आईपीएस के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर उप पुलिस महानिरीक्षक, रेंज जबलपुर अतुल सिंह, आईपीएस विशेष रूप से उपस्थित रहे।

यह उद्यान देश-विदेश से संकलित कैक्टस पौधों की 80 से अधिक प्रजातियों से विकसित किया गया है, जो इसे अत्यंत विशिष्ट बनाता है। यह प्रदेश का पहला ऐसा कैक्टस उद्यान है, जिसका निर्माण किसी पुलिस इकाई द्वारा किया गया है।

इस नवाचारपूर्ण उद्यान की परिकल्पना एवं निर्माण 6वीं वाहिनी के सेनानी सिद्धार्थ चौधरी भापुसे की दूरदृष्टि का परिणाम है, जिसका उद्देश्य जवानों को प्रेरित करना और उनमें सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना है। उल्लेखनीय है कि इस उद्यान का निर्माण बिना किसी शासकीय निधि अथवा बाहरी संस्था की सहायता के, केवल वाहिनी के जवानों एवं पुलिस प्रशिक्षण शाला के प्रशिक्षणार्थियों के शारीरिक श्रम से किया गया।

लगभग 18,000 वर्ग फीट क्षेत्र में फैला यह उद्यान अनुशासन, टीमवर्क और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। यह जवानों की सहनशीलता, अनुकूलन क्षमता तथा कठिन परिस्थितियों में भी जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण को दर्शाता है। सौंदर्य के साथ-साथ यह उद्यान अधिकारियों एवं जवानों के लिए चिंतन, मानसिक सशक्तिकरण और पर्यावरण जागरूकता का केंद्र भी बनेगा।

लोकार्पण कार्यक्रम में उप सेनानी लामूसिंह श्याम, सहायक सेनानी विजय अंभोरे, मेहंती मरावी, रीना पांडेय शर्मा, निरीक्षक हितेश फुलझेले सहित विक्रम सिंह, विजय मेहरा, सुशील बागरी, स्वरूप सिंह उईके, रवि डेविड, उमेश बघेल, सूबेदार मेजर बिलार सिंह जामरा, उप निरीक्षक शोभित वर्मा एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button