प्रशासनिक मिशनरी का दुरुपयोग न करें सरकार : भनोत
विकास के नाम पर ठग यात्रा का आरोप

जबलपुर । भारतीय जनता पार्टी और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में पिछले १८-१९ वर्षों से प्रदेश मे शासन में है और दावा करती है इनके शासन में प्रदेश में चौतरफा विकास हुआ है फिर चुनाव के नजदीक आते ही जनता को भ्रमित करने के लिए विकास यात्रा कर अपना चेहरा चमकाने का प्रयास कर रही है। भाजपा अपने विकास यात्रा में आँगनवाड़ी, नगर निगम, जिला प्रशासन सहित लगभग सभी विभागों के शासकीय कर्मियों को उलझाकर रखी है और अपने रोजमर्रा के काम और शिकायतों के निराकरण को लेकर शासकीय कार्यालयों में पहुँच रहे आमजनता को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। प्रदेश में १५ महीने के कांग्रेस सरकार के दौरान जबलपुर में पहली बार कैबिनेट मीटिंग के साथ ही जबलपुर के सम्पूर्ण विकास की अवधारणा रखी गई थी। भाजपा और शिवराज सरकार ईमानदारी से कांग्रेस सरकार के दौरान जबलपुर के विकास की उसी अवधारणा को भी धरातल पर उतारा जाता तो निश्चित रूप से जबलपुर का स्वरूप प्रदेश के अन्य महानगरों से बेहतर होता और जबलपुरवासियों को भाजपा के विकास यात्रा के नाम पर ठग-यात्रा नही देखना पड़ती। उक्त आरोप प्रदेश सरकार में पूर्व वित्त मंत्री एवं जबलपुर पश्चिम से विधायक तरुण भनोत ने भाजपा के विकास यात्रा में सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग और शासकीय कार्यालयों से खाली हाथ लौट रहे आमजनता की शिकायत के मद्देनजर लगाया है।
श्री भनोत ने बताया कि जबलपुर के इतिहास में पहली बार कांग्रेस की सरकार के दौरान जबलपुर में कैबिनेट मीटिंग करने की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हुई और पहली बार जबलपुर को एकमुश्त लगभग ३ हजार करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात मिली थी जिसे अनैतिक रुप से खरीद फरोख्त कर बनी भाजपा सरकार ने ध्वस्त कर दिया और प्रदेश के गौरवशाली इतिहास को भी कलंकित किया।
श्री भनोत ने प्रशासनिक अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि प्रशासन सत्ताधारी राजनैतिक दल के हाथों की कठपुतली न बने, अन्यथा कुछ महीने बाद आमजनता के आशीर्वाद से प्रदेश मे हो रहे सत्ता परिवर्तन के बाद उन प्रशासनिक अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।