ट्रेनों में चोरी करने वाले चार बदमाश गिरफ्तार, 1.40 लाख से अधिक का मशरूका जब्त
जीआरपी को मिली बड़ी सफलता

जबलपुर, यशभारत। ट्रेनों में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए थाना जीआरपी जबलपुर द्वारा गठित विशेष टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 1 लाख 40 हजार 500 रुपये का मशरूका एवं नगदी जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों में सोनू उर्फ नितिन उर्फ करिया उर्फ बृजमोहन यादव (26 वर्ष), डब्बू उर्फ भोलाप्रसाद चिकवा (24 वर्ष), धनराज यादव उर्फ तीतूर (28 वर्ष) – तीनों निवासी मानिकपुर, जिला चित्रकूट (उ.प्र.) नुरुद्दीन अंसारी (20 वर्ष), निवासी थाना आधारताल, जिला जबलपुर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों को रेलवे स्टेशन जबलपुर से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान उनके कब्जे से बरामद मशरूका का थाना जीआरपी जबलपुर में दर्ज पूर्व अपराधों से मिलान किया गया, जो सही पाया गया। इसके बाद आरोपियों ने चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया। जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी थाना जीआरपी जबलपुर सहित अन्य थानों के अपराधों में संलिप्त रहे हैं। माननीय न्यायालय द्वारा आरोपी धनराज यादव एवं सोनू यादव के विरुद्ध अलग-अलग प्रकरणों में एक-एक स्थाई वारंट जारी किया गया था, जिनका पालन करते हुए दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी सोनू यादव के विरुद्ध विभिन्न थानों में 25 से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जबकि धनराज यादव के खिलाफ भी कई आपराधिक मामले पंजीबद्ध हैं।







