जबलपुरमध्य प्रदेश

सतना से गांजा लाकर जबलपुर में कर रहे थे सौदा, चार गिरफ्तार

अधारताल पुलिस की कार्रवाई, एक अपचारी बालक भी शामिल

जबलपुर, यशभारत। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अधारताल पुलिस ने शुक्रवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 15 किलो गांजा के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक अपचारी बालक भी शामिल है। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि गांजे की खेप सतना से जबलपुर लाई गई थी और इसे सिवनी जिले के केवलारी के दो लोगों को बेचा जाना था।

थाना प्रभारी विपिन ताम्रकार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर क्षेत्र में लगातार सघन वाहन चेकिंग और पेट्रोलिंग की जा रही है। इसी दौरान शुक्रवार सुबह अधारताल थाना क्षेत्र के करौंदा बायपास के पास पुलिस ने दो एक्सिस (स्कूटी) पर सवार चार संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर सभी मौके से भागने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर उनके कब्जे से करीब 15 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दो लोग सतना से गांजे की खेप लेकर जबलपुर पहुंचे थे, जबकि सिवनी जिले के केवलारी निवासी दो व्यक्ति इसे खरीदने आए थे। पुलिस ने सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में मादक पदार्थों की आपूर्ति और खरीद-फरोख्त से जुड़े बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button