जूस और लस्सी दुकानों पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, लिए गए सैंपल

जूस और लस्सी दुकानों पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, लिए गए सैंपल
भोपाल यश भारत। राजधानी में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाते हुए गुरुवार को विभिन्न जूस सेंटरों और लस्सी दुकानों पर जांच की। इस दौरान कई स्थानों से मैंगो शेक, जूस और अन्य खाद्य सामग्री के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। खाद्य विभाग की टीम ने शहर के अलग-अलग इलाकों में पहुंचकर पेय पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की। जांच के दौरान कुछ दुकानों पर मैंगो शेक और अन्य पेय पदार्थों में कृत्रिम रंग, सिंथेटिक एसेंस, थिकनर और सैकरीन जैसे पदार्थों के उपयोग की आशंका जताई गई। अधिकारियों ने बताया कि ऐसे पदार्थ स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकते हैं। कार्रवाई के तहत अशोका गार्डन स्थित न्यू फेमस एंड रेस्टोरेंट से मैंगो जूस, लस्सी, मैदा, गुलाब जामुन और मठरी के नमूने लिए गए। वहीं सात नंबर क्षेत्र स्थित सागर गैरे आउटलेट पर भी शिकायत के आधार पर जांच की गई। खाद्य सुरक्षा टीम ने बॉम्बे जूस कॉर्नर बरखेड़ी, घमंडी लस्सी एमपी नगर, आदर्श जूस सेंटर इंद्रपुरी, बॉम्बे जूस सेंटर बुधवारा, आगरा समोसा कॉर्नर रंगमहल चौराहा, फेमस जूस कॉर्नर इब्राहिमपुरा, श्रीकृष्णा लस्सी कॉर्नर पीरगेट और गुजरात कोल्डड्रिंक एंड जूस सेंटर घोड़ा नक्कास सहित कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अधिकारियों के मुताबिक प्राप्त शिकायतों के आधार पर यह कार्रवाई की गई। सभी संदिग्ध नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद नियमों के तहत संबंधित दुकानों पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







