जबलपुरमध्य प्रदेश

कोहरे के साथ बर्फीली हवा का सितम, पारा 7.2 डिग्री पर

ठंड और कोल्ड वेव की दोहरी मार, 15 जनवरी तक राहत के आसार नहीं

जबलपुर, यशभारत। शहर में कड़ाके की ठंड का प्रकोप लगातार जारी है। बुधवार सुबह घने कोहरे और बर्फीली हवाओं के बीच न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंड के इस तीखे असर से सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों और कामकाजी लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

बीती रात भी मौसम का मिजाज बेहद सख्त रहा। घने कोहरे और सर्द हवाओं के चलते रात के तापमान में 1.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री तक लुढ़क गया। ठंड से लोग ठिठुरते नजर आए और शहर के विभिन्न इलाकों में लोग अलाव के सहारे सर्दी से बचाव करते दिखे।

मौसम विभाग के अनुसार वातावरण में नमी अधिक होने और बर्फीली हवाओं के चलते आगामी तीन दिनों तक कोहरे और कड़ाके की ठंड का असर बना रहेगा। साथ ही रात के न्यूनतम तापमान में और गिरावट की संभावना जताई गई है।

15 जनवरी तक रहेगी जोरदार ठंड

मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर पाकिस्तान एवं उससे लगे क्षेत्रों में माध्य समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक नया पश्चिमी विक्षोभ चक्रवातीय परिसंचरण के रूप में सक्रिय है। वहीं उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 240 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से जेट स्ट्रीम हवाएं बह रही हैं।
इन मौसमी परिस्थितियों के प्रभाव से अगले दो से तीन दिनों तक जबलपुर संभाग के जिलों में कोहरा और कोल्ड वेव का असर बना रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार 15 जनवरी तक जबलपुर संभाग सहित पूर्वी मध्यप्रदेश के जिलों में कड़ाके की ठंड जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को सुबह-शाम विशेष सावधानी बरतने और ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़ों का उपयोग करने की सलाह दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button