जन्माष्टमी पर निर्बाध बिजली के लिए विद्युत विभाग ने तैनात किए अधिकारी-कर्मचारी
जबलपुर। यशभारत।

जन्माष्टमी पर निर्बाध बिजली के लिए विद्युत विभाग ने तैनात किए अधिकारी-कर्मचारी
जबलपुर। यशभारत। जन्माष्टमी पर्व के दौरान शहर में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत विभाग ने विशेष व्यवस्था की है। जबलपुर शहर के पांचों विद्युत संभागों में अधिकारी एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। ये कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों और कार्यक्रम स्थलों पर विद्युत व्यवस्था की निगरानी करेंगे। अधीक्षण अभियंता संजय अरोरा ने बताया कि शुक्रवार को जन्माष्टमी पर्व के दौरान नरसिंह मंदिर शास्त्री ब्रिज, गीताधाम गौरीघाट, कृष्ण मंदिर गोरखपुर, राम मंदिर मदनमहल, कृष्ण मंदिर छोटी ओमती, जगदीश मंदिर गढ़ाफाटक, गोपाल मंदिर घमापुर, गीतामंदिर बाई का बगीचा, गोपाल लालजी मंदिर हनुमानताल, गायत्री शक्तिपीठ मनमोहन नगर, यादव महासभा भवन और श्री अन्नपूर्णा मंदिर निवाड़गंज सहित अन्य स्थानों पर विद्युत व्यवस्था की निगरानी के लिए कर्मचारियों की तैनाती की गई है। ड्यूटी रात 2 बजे तक रहेगी।
शोभायात्रा मार्ग पर भी विद्युत सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। गोटरगेट से शुरू होकर निगम चौक, मालवीय चौक, सुपरमार्केट, लॉर्डगंज चौक, बड़ा फुहारा, कमानिया गेट, हनुमानताल, खैरमाई मंदिर होते हुए त्रिमूर्ति मंदिर भानतलैया तक बिजली के तार और डिस्क केबल ऊपर कराए गए हैं, ताकि शोभायात्रा में बाधा न आए। इसके अलावा एक विशेष टीम शोभायात्रा के साथ रहेगी और मार्ग में विद्युत संबंधी किसी भी समस्या का तत्काल निराकरण करेगी।







