बागसेवनिया में कुत्तों का आतंक, 8 दिन में दूसरी बड़ी वारदात; 15 साल के किशोर को 5 कुत्तों ने घेरा

बागसेवनिया में कुत्तों का आतंक, 8 दिन में दूसरी बड़ी वारदात; 15 साल के किशोर को 5 कुत्तों ने घेरा
नगर निगम और सीएम हेल्पलाइन की अनदेखी पड़ रही मासूमों पर भारी, रहवासियों में भारी आक्रोश
भोपाल, यशभारत। राजधानी के बागसेवनिया इलाके में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को क्षेत्र में एक बार फिर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहाँ 5 आवारा कुत्तों ने एक 15 वर्षीय किशोर पर जानलेवा हमला कर उसे बुरी तरह काट लिया। पिछले 8 दिनों के भीतर इस क्षेत्र में यह दूसरी बड़ी घटना है, जिससे स्थानीय निवासियों में दहशत और प्रशासन के खिलाफ भारी गुस्सा है।
मिली जानकारी के अनुसार, 15 वर्षीय किशोर अपने घर के पास से गुजर रहा था, तभी अचानक कुत्तों के एक झुंड ने उसे चारों तरफ से घेर लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कुत्ते किशोर को नोंचने लगे। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग लाठियां लेकर दौड़े, तब कहीं जाकर कुत्तों को भगाया जा सका। घायल किशोर को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है।
8 दिन पहले भी हुई थी वारदात
गौरतलब है कि ठीक 8 दिन पहले इसी क्षेत्र में एक 6 साल के मासूम पर 3 कुत्तों ने हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया था। लगातार हो रही इन घटनाओं ने नगर निगम के ‘डॉग कैचिंग’ दावों की पोल खोल दी है।
शिकायतों का नहीं हो रहा असर
स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि वे इस समस्या को लेकर कई बार नगर निगम और सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करा चुके हैं। लोगों का कहना है, हम बार-बार गुहार लगा रहे हैं कि यहाँ कुत्तों की संख्या बढ़ गई है और वे हिंसक हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतज़ार कर रहा है। शिकायतों पर कोई सुनवाई नहीं होती।
बागसेवनिया के निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि नगर निगम ने जल्द ही आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए, तो वे सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। क्षेत्र की महिलाओं का कहना है कि अब बच्चों को घर से बाहर भेजने में भी डर लगने लगा है।







