
क्या आप को पता है।….. भारत का इकलौता रेलवे स्टेशन, जहां से मिलती है पूरे देश की ट्रेन
जबलपुर,यशभारत । भारत का रेलवे नेटवर्क दुनिया के सबसे बड़े नेटवर्कों में शामिल है। देश में करीब 8,500 रेलवे स्टेशन हैं, लेकिन इनमें एक स्टेशन ऐसा भी है, जो भारत के हर कोने को जोड़ता है। यही वजह है कि इसे देश का सबसे अनोखा और व्यस्त रेलवे हब माना जाता है। इस स्टेशन का नाम है मथुरा जंक्शन।
मथुरा जंक्शन को भारतीय रेल का ऐसा केंद्र कहा जाता है, जहां से उत्तर से दक्षिण और पूरब से पश्चिम तक की ट्रेनें उपलब्ध हैं। कश्मीर से कन्याकुमारी, नॉर्थ ईस्ट से लेकर पश्चिमी भारत तक जाने वाली ट्रेनें यहां से गुजरती हैं या यहीं से शुरू होती हैं। किसी भी राज्य की यात्रा के लिए मथुरा जंक्शन को सबसे आसान और महत्वपूर्ण स्टेशन माना जाता है।
यह स्टेशन 24 घंटे ट्रेनों की आवाजाही से गुलजार रहता है। सुबह से लेकर देर रात तक प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की भीड़ और ट्रेनों की चहल-पहल बनी रहती है। राजधानी दिल्ली से नजदीकी होने के कारण यहां से लंबी दूरी और पैसेंजर ट्रेनों का नियमित संचालन होता है।
इतिहास की बात करें तो मथुरा जंक्शन से पहली ट्रेन वर्ष 1875 में चली थी। तब से लेकर आज तक यह स्टेशन निरंतर विकसित होता रहा है और वर्तमान में भारतीय रेल नेटवर्क का एक अहम हिस्सा बन चुका है। सैकड़ों ट्रेनों की आवाजाही और लाखों यात्रियों की मौजूदगी इसे हमेशा जीवंत बनाए रखती है।
धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से भी मथुरा का विशेष महत्व है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि होने के कारण यहां देश-विदेश से श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिससे स्टेशन की व्यस्तता और बढ़ जाती है। यही कारण है कि मथुरा जंक्शन को न सिर्फ यात्रा का केंद्र, बल्कि पूरे देश के रेलवे नेटवर्क का दिल माना जाता है।







