डायल-112 के जवानों ने बचाई तीन घायलों की जान, सड़क हादसे के बाद देवदूत बनकर पहुँचे

डायल-112 के जवानों ने बचाई तीन घायलों की जान, सड़क हादसे के बाद देवदूत बनकर पहुँचे
भोपाल, यशभारत। दमोह जिले के थाना हटा क्षेत्र के अंतर्गत सेमरी फतेहपुर के पास बीते गुरुवार को दो मोटरसाइकिलों की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण सड़क हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुँची डायल-112 की टीम ने घायल अवस्था में तड़प रहे लोगों को त्वरित सहायता प्रदान करते हुए अस्पताल पहुँचाया, जिससे उनकी जान बच सकी।
समय पर मिली मदद बनी जीवनदान
जानकारी के अनुसार, 02 अप्रैल को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम भोपाल को सूचना मिली थी कि सेमरी फतेहपुर के पास एक सड़क दुर्घटना हुई है और घायलों को तत्काल मदद की आवश्यकता है। सूचना मिलते ही हटा थाना क्षेत्र में तैनात डायल-112 की FRV (फर्स्ट रिस्पांस व्हीकल) तत्काल मौके पर रवाना हुई।
आरक्षक और पायलट की सतर्कता
घटनास्थल पर पहुँचते ही डायल-112 के आरक्षक देवेन्द्र आठिया और पायलट श्रीराम पटेल ने स्थिति की गंभीरता को समझा। बिना एम्बुलेंस का इंतजार किए, जवानों ने मानवीयता दिखाते हुए तीनों गंभीर घायलों को अपनी ही गाड़ी (एफआरव्ही) में रखा और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, हटा पहुँचाया। अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा घायलों का उपचार शुरू कर दिया गया है।
डायल-112 हीरोज की सराहना
पुलिस मुख्यालय द्वारा इन जवानों की तत्परता को डायल-112 हीरोज श्रृंखला के तहत सराहा गया है। पुलिस प्रवक्ता राजेश दाहिमा ने बताया कि मध्य प्रदेश पुलिस की यह सेवा आपातकालीन परिस्थितियों में आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव सजग और प्रतिबद्ध है।







