जबलपुर

उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल बोले- कांग्रेस हुई एक्सपोज, जनता अब उस पर भरोसा नहीं करने वाली

जबलपुर प्रवास के दौरान कांग्रेस पर साधा निशाना

जबलपुर,यशभारत। धरातल से कांग्रेस का कनेक्शन कट गया है। कांग्रेस की नीति, नीयति और नेता तीनों का असर कुछ नहीं है। अब कांग्रेस पूरी तरह एक्सपोज हो गई है और मध्यप्रदेश की जनता कांग्रेस पर कभी भी भरोसा नहीं करने वाली है। जबलपुर में भी विकास के बहुत तेजी से कार्य हुए हैं और आगे भी भाजपा कार्यकाल में होंगे। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बुधवार को उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने ये सारी बातें कहीं। इस मौके पर उनके साथ पनागर विधायक सुशील इंदु तिवारी, नेता प्रतिपक्ष कमलेश अग्रवाल सहित अन्य मौजूद रहे।

मध्यप्रदेश में कहीं नहीं है गड्ढे वाली सड़क
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए यह भी कहा कि मध्यप्रदेश में कहीं भी गड्ढे वाली सड़क नहीं है। करीब 5 हजार करोड़ रुपए की सड़कों का निर्माण कार्य हो चुका है। उधर विंध्य में भी काफी विकास हुआ है।

धन के लिए भाजपा ने कभी नहीं रोया
मध्यप्रदेश की आर्थिक स्थिति के सवाल पर उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि भाजपा के लोग धन का रोना कभी नहीं रोते, हम लोग इंतजाम करते हैं। जबकि कांग्रेस धन का रोना हमेशा रोती रहती है। जिसका उदाहरण कांग्रेस की 15 माह की सरकार के कार्यकाल के दौरान देखा गया था। भाजपा ने तो मध्यप्रदेश से बीमारू राज्य का कलंक भी हटाया है। जो कि कांग्रेस के राज में लगा हुआ था।

नहीं बंद होगी कोई भी जनकल्याणकारी योजना

उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने स्पष्ट कह दिया है कि मध्प्रदेश में कोई भी जनकल्याणकारी योजनाएं बंद नहीं की जाएंगी। दरअसल कांग्रेस की ओर से विधानसभा के अंदर और बाहर यह सवाल किया जा रहा है कि शिवराज सिंह चौहान को सीएम पद से हटाए जाने के बाद लाड़ली बहना योजना और अन्य योजनाएं चालू रखी जाएंगी या नहीं।

इस कार्यक्रम में शामिल होने आए थे जबलपुर
जानकारी के अनुसार दी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियर्स द्वारा आयोजित 38 वीं इन्डियन इंजीनियरिंग कांग्रेस के शुभारंभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने उप मुख्यमंत्री का जबलपुर आगमन बुधवार को हुआ है। बुधवार दोपहर करीब ढाई बजे श्री शुक्ल जबलपुर से रीवा के लिए प्रस्थान करेंगे।

 

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Icon Join Yashbharat App