इंजन में खराबी के बाद दिल्ली जा रही इंडिगो फ्लाइट की गोवा में इमरजेंसी लैंडिंग
उड़ान भरने के 14 मिनट बाद लौटाया विमान, सभी यात्री सुरक्षित

पणजी। गोवा से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E 2102 के एक इंजन में तकनीकी खराबी आने के बाद विमान की गोवा के मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान ने सुबह 9:16 बजे उड़ान भरी थी और कुछ ही देर बाद तकनीकी खराबी का पता चलने पर उसे वापस गोवा मोड़ दिया गया।
स्थिति को देखते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने सुबह 9:30 बजे फुल इमरजेंसी घोषित की। विमान ने सुबह 9:51 बजे रनवे-28 पर सुरक्षित लैंडिंग की। इसके बाद यात्रियों को विमान से सुरक्षित बाहर निकालकर एयरपोर्ट के बोर्डिंग एरिया में पहुंचाया गया। सुबह 10:03 बजे ATC ने इमरजेंसी समाप्त कर दी।
फ्लाइट ट्रैकिंग के अनुसार विमान करीब 14 हजार फीट की ऊंचाई पर था, जब उसने गोवा की ओर वापसी की। दिल्ली जाने वाले यात्रियों की उड़ान अब दोपहर 3:30 बजे के लिए पुनर्निर्धारित की गई है।
इंडिगो ने बयान जारी कर बताया कि उड़ान के कुछ देर बाद तकनीकी खराबी का पता चला था। निर्धारित प्रक्रिया के तहत अधिकारियों को सूचना देकर विमान को सुरक्षित वापस उतारा गया। विमान की तकनीकी जांच जारी है और जरूरी मंजूरी मिलने के बाद ही इसे दोबारा सेवा में लगाया जाएगा।







