अवैध गांजे के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार, स्कूटी और मादक पदार्थ जब्त

अवैध गांजे के साथ शातिर तस्कर गिरफ्तार, स्कूटी और मादक पदार्थ जब्त
भोपाल, यशभारत। राजधानी के रातीबड़ थाना पुलिस ने घेराबंदी कर अवैध गांजे की तस्करी कर रहे एक शातिर आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 112 ग्राम अवैध गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक होंडा एक्टिवा स्कूटी जब्त की है। जब्त की गई कुल संपत्ति की कीमत लगभग 1 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनसुार 7 जून को खबिर से पुख्ता सूचना मिली कि नीलबड़ क्षेत्र का रहने वाला एक युवक सफेद रंग की पॉलिथीन में अवैध गांजा लेकर उसे बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए मुखबिर के बताए स्थान पर दबिश दी और घेराबंदी कर संदेही को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नवनीत रविदास निवासी नीलबड़, भोपाल बताया। जब पुलिस ने उसके पास मौजूद सफेद पॉलिथीन की तलाशी ली, तो उसमें से 112 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से गांजा और तस्करी में प्रयुक्त हो रही एक्टिवा स्कूटी को विधिवत जब्त कर लिया है।
कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी नवनीत ने खुलासा किया कि वह यह गांजा खुद तैयार नहीं करता, बल्कि उसे क्षेत्र में बेचने के लिए ‘अनूप भट्ट’ नाम का एक अन्य व्यक्ति लाकर सप्लाई करता है। इस खुलासे के बाद पुलिस ने मुख्य सप्लायर की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास तेज कर दिए हैं।







