भाजपा नेता के व्यापारी भाई से बदमाशों ने 50 हजार लूटे -सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस

भाजपा नेता के व्यापारी भाई से बदमाशों ने 50 हजार लूटे
-पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच, सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही पुलिस
भोपाल, यशभारत।
बैरागड़ इलाके में बीती देर रात दुकान बंद कर स्कूटी से घर जा रहे कपड़ा व्यापारी के साथ बाइक सवार बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमशों ने स्कूटी पर रखा बैग छीना और फरार हो गए। बैग में 50 हजार रूपए नगदी और अन्य दस्तावेज रखे हुए थे। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों पर झपटमारी का केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी अशोक गौतम ने बताया कि वनट्री हिल्स बैरागढ़ निवासी हीरालाल इसरानी उर्फ हीरो पुत्र धर्मदास(45) की बैरागढ़ नेहरू मार्केट में कपड़े की दुकान हैं। जबकि उनके बड़े भाई कपड़ा संघ के अध्यक्ष हैं, और भाजपा नेता हैं। बीती रात करीब साढ़े ग्यारह बजे हीरालाल इसरानी अपनी दुकान बंद कर स्कूटी से अपने घर जा रहे थे। जब वह कैलाश डेरी के पास पहुंचे, तभी बाइक पर सवार होकर आए दो नकाबपोश बदमाशों ने उनकी स्कूटी पर रखा बैग छीना और फरार हो गए। बैग में पचास हजार रुपए नकदी, लेजर बुक, पासबुक और चेकबुक समेत अन्य दस्तावेज रखे हुए थे। लूट की खबर लगते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाशों को पकडऩे का प्रयास किया, लेकिन आरोपी तब तक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे। अब पुलिस घटनास्थल और उसके आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। जिससे आरोपियों की पहचान की जा सके। आरोपियों का सुराग मिलते ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।







