विधानसभा परिसर में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, सिंघार बोले- युवाओं, किसानों के हक़ पर चल रहा उस्तरा

विधानसभा परिसर में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, सिंघार बोले- युवाओं, किसानों के हक़ पर चल रहा उस्तरा
भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश विधानसभा सत्र के तीसरे दिन गुरुवार को मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ विधानसभा परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायकों ने प्रतीकात्मक रूप से “बंदर के हाथ में उस्तरा” कहावत का प्रदर्शन कर सरकार पर तीखा हमला बोला।

सत्ता के ‘उस्तरे’ से जनता के हित को चोट
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस विधायकों ने सरकार की नीतियों एवं निर्णयों के खिलाफ अपनी आपत्ति दर्ज कराने के लिए इस अनोखे सांकेतिक विरोध का सहारा लिया। कांग्रेस विधायकदल का उद्देश्य यह बताना था कि भाजपा सरकार के हाथ में सत्ता का ‘उस्तरा’ आ जाने से वह प्रदेश की जनता के हितों को निरंतर चोट पहुँचा रही है।

सिंघार का आरोप: बेरोजगारी, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था बदहाल
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मीडिया से बातचीत में भाजपा सरकार को “बंदर रूपी सरकार” बताते हुए आरोप लगाया कि वह युवाओं के रोजगार, प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और किसानों के अधिकारों पर बेरहमी से उस्तरा चला रही है। उन्होंने प्रदेश की स्थिति बताते हुए कहा, “प्रदेश में बेरोज़गारी चरम पर है, स्वास्थ्य सुविधाएँ बदहाल हैं, कानून-व्यवस्था अस्त-व्यस्त है, और किसान न्याय तथा अधिकारों के लिए तरस रहे हैं।”
सिंघार ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता की मूल समस्याओं से मुंह मोड़कर केवल राजनीतिक स्टंट में लगी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायकदल जनता की आवाज़ बनकर हर मोर्चे पर सरकार को कटघरे में खड़ा करता रहेगा।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वह प्रदेश की जनता के हितों, अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए सड़कों से लेकर विधानसभा तक संघर्ष जारी रखेगी।







