पाठशाला में शामिल होने पचमढ़ी रवाना हुये कांग्रेस के जिला अध्यक्ष
आज से 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर

जबलपुर यश भारत। संगठन सृजन में लगी कांग्रेस के द्वारा आज 2 नवंबर से पचमढ़ी में प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है जिसमें शामिल होने के लिए नगर अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा और ग्रामीण अध्यक्ष पूर्व विधायक संजय यादव भी शनिवार को ही पचमढ़ी के लिए रवाना हो गए थे और आने वाले 10 दिनों तक अब वे प्रशिक्षण का हिस्सा बनेंगे। यह प्रशिक्षण शिविर काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है संगठनात्मक दृष्टि से। कांग्रेस संगठन सृजन के द्वारा नियुक्त किए गए जिला अध्यक्षों के लिए यह शिविर आयोजित किया गया है जिसमें कांग्रेस के दिग्गज नेता नवनियुक्त अध्यक्षों को संगठन के संबंध में प्रशिक्षण देंगे।
कांग्रेस की दिग्गज नेताओं के साथ ही कुछ विशेष विशेषज्ञ भी प्रशिक्षण के लिए आने वाले हैं और अपने अनुभवों की आधार पर नए अध्यक्षों को संगठन की बारीकिया समझाएंगे। सूत्रों से जो जानकारी मिली है उसके अनुसार 10 नवंबर को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी पचमढ़ी पहुंच सकते हैं हालांकि अभी इसका अधिकृत कार्यक्रम प्राप्त नहीं हो पाया है। प्रशिक्षण विभाग के राष्ट्रीय सचिव के साथ ही शशिकांत सेंथिल केसी विष्णु गोपाल सुप्रिया श्रीनेत जय राम रमेश पवन खेड़ा आदि वरिष्ठ नेता प्रशिक्षण देंगे। इसके अलावा प्रदेश कांग्रेस की वरिष्ठ नेताओं में दिग्विजय सिंह कमलनाथ अरुण यादव जीतू पटवारी समेत अन्य नेता भी यहां पहुंचेंगे और कार्यकर्ताओं को संगठन के संबंध में टिप्स देंगे।







