जबलपुरमध्य प्रदेश

चिंता : दिल्ली जबलपुर फ्लाइट में मारपीट, सामान उतारने के दौरान सुप्रीम कोर्ट के एक वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ मारपीट

राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जताई चिंता

जबलपुर, यशभारत। दिल्ली से जबलपुर पहुंची इंडिगो की फ्लाइट में शुक्रवार सुबह डुमना एयरपोर्ट पर सामान लेने के दौरान सुप्रीम कोर्ट के एक वरिष्ठ अधिवक्ता के साथ कथित तौर पर मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के समय उनके साथ उनका तीन वर्षीय बच्चा भी मौजूद था। मामला पुलिस तक पहुंच गया है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट के चर्चित अधिवक्ता बांधवगढ़ भ्रमण के लिए दिल्ली से इंडिगो की फ्लाइट से जबलपुर पहुंचे थे। विमान से उतरने के दौरान सामान लेते समय एक अन्य यात्री से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर यात्री ने अधिवक्ता को पीछे से धक्का देकर पीटा। यह घटना देखकर वहां मौजूद अन्य यात्री भी हैरान रह गए।

घटना की जानकारी मिलते ही इंडिगो एयरलाइंस के कर्मचारियों ने दोनों पक्षों से लिखित शिकायत लेकर औपचारिक कार्रवाई की। इसके बाद अधिवक्ता ने खमरिया थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। बताया जा रहा है कि करीब चार घंटे बाद पुलिस ने शिकायत दर्ज की। वहीं दूसरे पक्ष के यात्री ने भी अपनी शिकायत पुलिस को सौंपी और इसके बाद वह बांधवगढ़ के लिए रवाना हो गया। जानकारी के अनुसार, वह यात्री भी दिल्ली से जबलपुर पहुंचा था और बांधवगढ़ जाने की तैयारी में था। पुलिस का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता की शिकायत पर बीएनएस की धारा 296 A,115/2,351/2 के तहत मामला दर्ज़ कर जांच की जा रही है।

इस घटना को लेकर राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर चिंता जताई। उनके पोस्ट के बाद मामला व्यापक चर्चा का विषय बन गया। लोगों का कहना है कि विमान और एयरपोर्ट जैसे संवेदनशील स्थानों पर इस तरह की घटनाएं यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती हैं और दोषी के खिलाफ उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button