मध्य प्रदेश

मजदूरों से भरी पिकअप ट्रक से टकराई, 10 लोगों की मौत, 25 घायल

छिंदवाड़ा-बैतूल हाईवे पर दर्दनाक हादसा

छिंदवाड़ा। छिंदवाड़ा-बैतूल नेशनल हाईवे पर सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर कर रख दिया। टेमनी खुर्द के समीप मजदूरों को लेकर जा रही एक पिकअप वाहन की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि पिकअप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग सड़क पर दूर तक जा गिरे।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटनास्थल पर करीब 10 लोगों की मौत होने की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।जबकि करीब 25 लोग घायल हुए हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।

हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। पिकअप में बड़ी संख्या में मजदूर सवार थे, जो टक्कर के बाद वाहन से उछलकर सड़क पर जा गिरे। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने के साथ राहत कार्य में जुट गए।

सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एम्बुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर उपचार के लिए अन्य चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया है।

फिलहाल प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों की अंतिम संख्या की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है।

घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और मृतकों की पहचान के साथ परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button