9 माह के बच्चे के दोनों कानों में एक साथ कॉक्लियर इंप्लांट

9 माह के बच्चे के दोनों कानों में एक साथ कॉक्लियर इंप्लांट
– एम्स भोपाल की बड़ी उपलब्धि, मध्य भारत में सबसे कम उम्र का मामला होने का दावा
भोपाल, यश भारत । एम्स भोपाल में नौ माह के बच्चे के दोनों कानों में एक साथ सफल कॉक्लियर प्रत्यारोपण किया गया। उपचार करने वाली टीम के अनुसार, यह मध्य भारत में कॉक्लियर इंप्लांट पाने वाला सबसे कम उम्र का बच्चा है। इसे मध्यप्रदेश में नवीनतम पीढ़ी की कॉक्लियर इंप्लांट तकनीक का पहला मामला भी बताया गया है।
बच्चे का जन्म समय से पहले हुआ था और उसे एक माह से अधिक समय तक नवजात गहन चिकित्सा इकाई में उपचार मिला था। उसे मस्तिष्क ज्वर भी हुआ था। इसके बाद सुनने की समस्या सामने आने पर समय पर प्रत्यारोपण जरूरी माना गया।
सर्जरी के दौरान नवीनतम कॉक्लियर इंप्लांट तकनीक के साथ स्मार्टनैव निगरानी प्रणाली का इस्तेमाल किया गया। इससे इलेक्ट्रोड लगाने की प्रक्रिया की तत्काल निगरानी और उसकी सही स्थिति सुनिश्चित करने में मदद मिली।
सर्जरी ईएनटी विभाग के प्रोफेसर डॉ. विकास गुप्ता और डॉ. गणकल्याण बहेरा ने टीम के साथ की। एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) नरेंद्र कोतवाल ने पूरी टीम और बच्चे के परिवार को बधाई दी।







