भोपालमध्य प्रदेशमध्यप्रदेश

शहीदों के माता-पिता को भी मिलेगा आर्थिक संबल, साइबर क्राइम और ड्रग्स पर कसेगा शिकंजा,  पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर सीएम मोहन यादव का बड़ा ऐलान

शहीदों के माता-पिता को भी मिलेगा आर्थिक संबल, साइबर क्राइम और ड्रग्स पर कसेगा शिकंजा,  पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर सीएम मोहन यादव का बड़ा ऐलान

भोपाल , यशभारत।  कर्तव्य पथ पर अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों के परिवारों के प्रति प्रदेश सरकार ने एक बेहद संवेदनशील और ऐतिहासिक कदम उठाया है। अब तक पुलिसकर्मियों के शहादत पर मिलने वाली 1 करोड़ रुपये की सहायता राशि का पूरा हक केवल पत्नी को मिलता था, लेकिन अब सरकार ने नियमों में बड़ा बदलाव करते हुए इस राशि का 50 प्रतिशत हिस्सा शहीद की पत्नी और 50 प्रतिशत हिस्सा उनके माता-पिता को देने का प्रावधान किया है।

राजधानी भोपाल के लाल परेड मैदान में आयोजित पुलिस स्मृति दिवस समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यह बड़ी घोषणा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि देश की रक्षा करते हुए जान गंवाने वाले वीर जवानों के माता-पिता का सम्मान और आर्थिक सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। समारोह के दौरान पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना ने भी पुलिस सेवा को अटूट जिम्मेदारी और त्याग का संकल्प बताया।

नए दौर की चुनौतियों से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार
मुख्यमंत्री ने वर्तमान समय की गंभीर समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि आज साइबर अपराध और  मादक पदार्थों की तस्करी समाज के सामने सबसे बड़ी चुनौतियां बनकर उभरी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि मध्य प्रदेश पुलिस इन आधुनिक और जटिल अपराधों से सख्ती से निपटने के लिए पूरी तरह सक्षम है।

तीन दशकों के बाद नक्सलवाद के साए से मुक्त हुआ प्रदेश
समारोह में राज्य की एक बड़ी उपलब्धि का जिक्र करते हुए सीएम मोहन यादव ने बताया कि मध्य प्रदेश ने करीब 35 वर्षों तक नक्सलवाद की गंभीर चुनौती का सामना किया है। हमारे वीर पुलिस जवानों के अदम्य साहस और समर्पण के बल पर ही आज प्रदेश को इस समस्या से पूरी तरह मुक्ति मिल पाई है।

जवानों के प्रमोशन और नई भर्तियों पर रहेगा फोकस
सरकार की प्राथमिकताओं को साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस बल को और अधिक ऊर्जावान और मजबूत बनाने के लिए जवानों के लंबित प्रमोशन और नई भर्तियों की प्रक्रिया पर विशेष रूप से फोकस किया जा रहा है।
इस राज्य स्तरीय समारोह में विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस, होमगार्ड, पुलिस बैंड, अश्वारोही और श्वान दल  की टुकड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट कर शहीदों को अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button