एमपी नगर में पुलिस चेकिंग से परेशान नागरिक – खुलेआम गांजा सेवन की शिकायत

एमपी नगर में पुलिस चेकिंग से परेशान नागरिक
– खुलेआम गांजा सेवन की शिकायत
– कमिश्नर के जनसंवाद में उजागर हुई कानून-व्यवस्था की हकीकत
भोपाल, यश भारत । राजधानी के सबसे व्यस्त और शैक्षणिक क्षेत्र माने जाने वाले एमपी नगर में पुलिस की कार्यप्रणाली और नशे के बढ़ते कारोबार को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार द्वारा थाना एमपी नगर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान छात्रों और नागरिकों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं, जिससे क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की वास्तविक स्थिति सामने आ गई। जनसंवाद में मौजूद लोगों और छात्रों ने शिकायत की कि एमपी नगर जोन-2 चौराहे पर वाहन चेकिंग के नाम पर पुलिस द्वारा अनावश्यक रूप से परेशान किया जाता है। छात्रों का कहना था कि नियमित दस्तावेज होने के बावजूद उन्हें बार-बार रोककर पूछताछ की जाती है, जिससे आम नागरिकों में असंतोष बढ़ रहा है।
बैठक के दौरान एक नागरिक ने क्षेत्र में खुलेआम गांजा सेवन होने का मुद्दा भी उठाया। शिकायतकर्ता ने बताया कि कुछ लोग सार्वजनिक स्थानों पर गांजा पीते हैं, जबकि कई युवक गोगो पेपर में भरकर नशा करते दिखाई देते हैं। यह स्थिति तब है जब क्षेत्र में लगातार पुलिस गश्त और निगरानी के दावे किए जाते रहे हैं। नागरिकों ने सवाल उठाया कि यदि नशे का कारोबार और सेवन खुलेआम हो रहा है तो पुलिस की खुफिया और निगरानी व्यवस्था आखिर कितनी प्रभावी है।
जनसंवाद में सामने आई शिकायतों ने यह संकेत दिया कि शहर के प्रमुख व्यावसायिक और शैक्षणिक क्षेत्र में नशाखोरी और नागरिकों की परेशानियां अब भी गंभीर चुनौती बनी हुई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल जनसंवाद आयोजित करने से समस्या का समाधान नहीं होगा, बल्कि जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई और लगातार निगरानी की आवश्यकता है।
पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों को ट्रैफिक नियमों का पालन करने, साइबर अपराधों से सतर्क रहने तथा किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 पर देने की अपील की। साथ ही मादक पदार्थों और अवैध हथियारों से संबंधित जानकारी पुलिस को उपलब्ध कराने के लिए विशेष मोबाइल नंबर भी जारी किया गया।
हालांकि जनसंवाद में उठे मुद्दों ने यह स्पष्ट कर दिया कि राजधानी के महत्वपूर्ण इलाके एमपी नगर में नशाखोरी और पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर लोगों की नाराजगी बनी हुई है, जिसे दूर करने के लिए केवल आश्वासन नहीं बल्कि प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है।







