
CBSE की ओर से 10वीं और 12वीं क्लास के इतिहास और राजनीति विज्ञान का सिलेबस बदलने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी भड़क गए हैं। उन्होंने इसे ‘राष्ट्रीय शिक्षा श्रेडर’ करार दिया है। साथ ही CBSE को ‘सेंट्रल बोर्ड ऑफ सप्रेसिंग एजुकेशन’ बताया है।
राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा, ‘राष्ट्रीय शिक्षा श्रेडर’। साथ ही एक तस्वीर भी शेयर की। इसमें एक मशीन है जो लोकतंत्र और विविधता, कृषि पर वैश्वीकरण के प्रभाव, नॉन अलाइंड मूवमेंट, द मुगल कोर्ट, इंडस्ट्रियल रिवोल्यूशन, फैज की कविताओं जैसे विषयों को काट रही है।
CBSE ने इतिहास और राजनीति विज्ञान का सिलेबस बदला
कांग्रेस सांसद की टिप्पणी केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की ओर से कक्षा 11वीं और 12वीं के सिलेबस में किए गए बदलाव के बाद आई है। CBSE ने 11वीं और 12वीं क्लास से इतिहास और राजनीति विज्ञान के सिलेबस में से कई चैप्टर हटा दिए हैं। इनमें गुटनिरपेक्ष आंदोलन, कोल्ड वॉर टाइम, अफ्रीकी-एशियाई क्षेत्रों में इस्लामी साम्राज्यों का उदय, मुगल दरबार और औद्योगिक क्रांति के इतिहास शामिल थे।
BJP और RSS पर देश में नफरत फैलाने का आरोप
इससे पहले भी कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने RSS पर निशाना साधा था। 16 अप्रैल को राहुल गांधी ने ट्विटर पर भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर देश में नफरत फैलाने का आरोप लगाया था। 9 अप्रैल को राहुल गांधी ने दिल्ली में एक पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में कहा था कि संविधान को बचाने के लिए हमें उन संस्थानों की रक्षा करनी होगी जो RSS के हाथों में हैं।