दहशत के साए में राजधानी! शाहजहानाबाद की मल्टी में तड़के गूंजीं गोलियां, चाकूबाजी से लहूलुहान हुआ युवक

दहशत के साए में राजधानी! शाहजहानाबाद की मल्टी में तड़के गूंजीं गोलियां, चाकूबाजी से लहूलुहान हुआ युवक
बेखौफ बदमाशों का तांडव: सी-1 ब्लॉक के पास खुलेआम दागीं गोलियां, गोलियों की तड़तड़ाहट से कांप उठे रहवासी
मौके से गोलियां बरामद; कलाई पर चाकू मारकर युवक को किया अमरा, खून से लाल हुई मल्टी
भोपाल, यशभारत। राजधानी के शाहजहानाबाद थाना क्षेत्र स्थित बाजपेयी नगर मल्टी में बुधवार तड़के चाकूबाजी और अंधाधुंध फायरिंग से सनसनी फैल गई। बताया जा रहा है कि घायल युवक मल्टी का निवासी नहीं है, बल्कि वह बाहर से अन्य लोगों के साथ मारपीट करने बाजपेयी नगर मल्टी पहुंचा था। इसी दौरान दोनों पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। घटना में युवक की कलाई पर धारदार चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूत्रों के अनुसार, बाहरी युवक अपने साथियों के साथ पुरानी रंजिश के चलते आधी रात को ही विवाद करने मल्टी के आसपास घूम रहा था। जैसे ही उसका सामना विरोधी पक्ष से हुआ, दोनों पक्षों में जमकर कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। बदमाशों ने युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसकी कलाई कट गई और वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। इसके बाद दहशत फैलाने के उद्देश्य से पिस्टल निकालकर कई राउंड फायरिंग भी की गई।
तड़के हुई फायरिंग की तड़तड़ाहट और चीख-पुकार से मल्टी के रहवासी सिहर उठे और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल पहुँचाया गया। सूचना मिलने पर पहुँची शाहजहानाबाद पुलिस ने घटनास्थल के पास एक पेड़ से उसमें धंसी गोलियां और कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि गोलियां किसने चलाईं, इसका अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर फरार आरोपियों की तलाश में जुटी है।







