शादी में गए परिवार के सूने घर में सेंध लगाने वाला नकबजन गिरफ्तार, 8 लाख के जेवरात बरामद

शादी में गए परिवार के सूने घर में सेंध लगाने वाला नकबजन गिरफ्तार, 8 लाख के जेवरात बरामद
भोपाल, यशभारत। राजधानी के शाहजहाँनाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक बड़ी चोरी का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक शातिर नकबजन को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब 8 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। आरोपी ने वारदात तब अंजाम दी थी जब फरियादी अपने परिवार के साथ एक वैवाहिक कार्यक्रम में गए हुए थे।
पुलिस के अनुसार, नियामतपुरा निवासी फरियादी मोहम्मद राजा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 14 जनवरी की रात करीब 8:30 बजे वह अपने परिवार के साथ घर पर ताला लगाकर एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। जब वे रात 11:15 बजे वापस लौटे, तो घर के अंदर का नजारा देख दंग रह गए। ताला टूटा हुआ था, अलमारी का सारा सामान बिखरा पड़ा था और उसमें रखे जेवरात व नकदी गायब थी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
थाना प्रभारी उमेश पाल सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर संदेह के घेरे में आए मोहम्मद अमन (28), निवासी इंद्रानगर चौराहा, थाना टीलाजमालपुरा को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। जिसके पास से पुलिस ने चोरी किए गए सोने-चांदी के समस्त जेवरात बरामद कर लिए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 8 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस अब आरोपी के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी निकाल रही है, ताकि यह पता चल सके कि उसने शहर में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।







