बीयू कैंपस बना अखाड़ा: छात्र की बेरहमी से पिटाई

बीयू कैंपस बना अखाड़ा: छात्र की बेरहमी से पिटाई
भोपाल, यशभारत। राजधानी के बरकतउल्ला विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था की पोल खुल गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो ने विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस प्रशासन को कठघरे में खड़ा कर दिया है। वीडियो में आधा दर्जन से अधिक युवक एक अकेले छात्र को घेरकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटते नजर आ रहे हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि घटना के घंटों बाद भी पुलिस शिकायत का इंतजार कर रही है।
NSUI नेताओं पर लगे गंभीर आरोप
घटना के बाद कैंपस में तनाव का माहौल है। प्रत्यक्षदर्शियों और छात्र संगठनों का आरोप है कि इस हमले का नेतृत्व एनएसयूआई के विश्वविद्यालय अध्यक्ष विकास ठाकुर कर रहा था। चर्चा यह भी है कि हमलावरों को एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर का संरक्षण प्राप्त है। राजनीतिक रसूख के चलते ही अब तक आरोपियों पर कोई कड़ी कार्रवाई नहीं हुई है।
सुरक्षा पर उठे सवाल: कहाँ थे गार्ड्स?
विश्वविद्यालय परिसर में आए दिन बाहरी तत्वों का जमावड़ा रहता है। छात्रों का कहना है कि जिस जगह मारपीट हुई, वहां सुरक्षा गार्ड्स की तैनाती रहती है, लेकिन हमले के वक्त कोई नजर नहीं आया। वीडियो में दिख रही क्रूरता से स्पष्ट है कि हमलावरों में कानून का कोई खौफ नहीं था।
इनका कहना है कि..
फिलहाल हमारे पास कोई लिखित शिकायत नहीं आई है। वीडियो संज्ञान में आया है, जिसकी जांच की जा रही है। शिकायत मिलते ही दोषियों पर एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अमित सोनी, थाना प्रभारी, बाग सेवनिया







