BREAKING : अम्बा माई के जंगल मे में मिले 2 बच्चों के शव : गला रेतकर की गई हत्या,एक संदिग्ध से पुलिस कर रही पूछताछ
सिवनी यश भारत:-सिवनी के कोतवाली अंतर्गत सुभाष वार्ड क्षेत्र से कल रात से लापता मासूम सगे भाईयों के शव अरी थाना अंतर्गत सिवनी-कटंगी (बालाघाट) मार्ग पर अंबामाई पर्यटन केंद्र के घने जंगल में आज दोपहर मिले हैं। दोनों मासूम बच्चों की गला रेतकर हत्या कर अज्ञात आरोपित ने आसपास रखे पत्थरों से शवों को ढंक दिया था। पुलिस कोजांच में मासूम सगे भाईयों का शव अंबामाई जंगल में लगभग 3 किमी अंदर घाटी क्षेत्र में मिले हैं। मयंक ढाकरिया (9) व उसके छोटे भाई दिव्यांश (6) के घर से गुमशुदगी-अपहरण की सूचना 15 जुलाई मंगलवार की रात बच्चों की मां ने कोतवाली पुलिस थाना में दर्ज कराई थी। तलाशी में एक संदिग्ध से पूछताछ के बाद कोतवाली व डूंडासिवनी के संयुक्त पुलिस दल ने अंबा माई वन क्षेत्र से बच्चों के शवों को बरामद किया है।पंचनामा कार्रवाई के बाद मृतकों के शव पोस्ट मार्टम करने भेज दिए गए हैं।घटनास्थल पर डाग स्क्वायड एफएसएल टीम पहुंचकर हत्या से जुड़े साक्ष्य एकत्रित करने में लगी है।
जानकारी के अनुसार आरोपित ने निर्दयतापूर्वक बच्चों की हत्या की है।गला रेतने के बाद घटना को छिपाने आरोपित ने जंगल के दुर्गम घाटी क्षेत्र में मासूम बच्चों के शव के आसपास बड़े-बड़े पत्थर रख दिए गए थे।पुलिस मामले में संदिग्ध से पूछताछ कर हत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जांच में हत्या के प्रकरण में किसी परिचित व्यक्ति के शामिल होने की बात सामने आ रही है। हालाकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही प्रकरण का राजफाश कर दिया जाएगा। मृतक बच्चों की मां मजदूरी का कार्य करती है।कोतवाली थाना प्रभारी किशोर वामनकर ने बताया कि गुमशुदगी के प्रकरण में हत्या की धाराएं बढ़ाकर प्रकरण में विस्तृत जांच कर रही है।
इस मामले में पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मेहता का कहना है कि दो बच्चों की गुमशुदगी-अपहरण की सूचना मंगलवार रात कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई थी। छानबीन के दौरान पुलिस के संयुक्त दल ने वन पर्यटन केंद्र अंबा माई के घने जंगल से दो बच्चों के शव बरामद किए हैं, जो गुमशुदा बच्चों के हैं। मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध से पूछताछ कर रही है।






