योग सप्ताह में बीएमएचआरसी ने चलाए जागरूकता अभियान गर्भ संस्कार से लेकर सिकल सेल रोग तक दी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी

योग सप्ताह में बीएमएचआरसी ने चलाए जागरूकता अभियान
गर्भ संस्कार से लेकर सिकल सेल रोग तक दी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी
भोपाल यश भारत। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित योग सप्ताह के अंतर्गत भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद भोपाल स्मारक अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र आईसीएमआर बीएमएचआरसी में गर्भ संस्कार सिकल सेल जागरूकता तथा ध्यान प्रशिक्षण सहित विभिन्न स्वास्थ्यवर्धक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को योग एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा। स्टेशन बजरिया स्थित स्वास्थ्य केंद्र क्रमांक 2 में गर्भवती महिलाओं के लिए आयोजित गर्भ संस्कार कार्यक्रम में योग शिक्षक सुशील सिंह ने गर्भावस्था के दौरान किए जाने वाले योगाभ्यास और उनके लाभों की जानकारी दी। इस अवसर पर बीएमएचआरसी की प्रभारी निदेशक डॉ. मनीषा श्रीवास्तव ने कहा कि गर्भावस्था के दौरान सकारात्मक सोच संतुलित जीवनशैली पौष्टिक आहार और नियमित योगाभ्यास स्वस्थ एवं संस्कारित पीढ़ी के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और चिकित्सकीय सलाह का नियमित पालन करने की सलाह दी। इसी क्रम में बीएमएचआरसी के सिकल सेल सक्षमता केंद्र में सिकल सेल रोग से पीड़ित मरीजों के लिए विशेष योग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मरीजों को उनके स्वास्थ्य के अनुरूप योग क्रियाओं तथा नियमित अभ्यास से होने वाले लाभों के बारे में जानकारी दी गई। योग सप्ताह के तहत संस्थान के सभागार में ईशा फाउंडेशन के सहयोग से चिकित्सकों कर्मचारियों शिक्षकों पीजी विद्यार्थियों नर्सिंग एवं पैरामेडिकल छात्रों के लिए ध्यान योग प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को ध्यान और योग के माध्यम से मानसिक तनाव कम करने एकाग्रता बढ़ाने तथा समग्र स्वास्थ्य में सुधार के उपाय बताए गए। विश्व सिकल सेल दिवस पर विशेष शिविर , विश्व सिकल सेल दिवस के अवसर पर 18 जून को बीएमएचआरसी में सिकल सेल रोगियों के लिए विशेष चिकित्सा एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर में लगभग 50 मरीजों और उनके परिजनों की स्क्रीनिंग की गई। फिजियोथेरेपी विशेषज्ञों ने रोग के प्रभाव को कम करने और शारीरिक क्षमता बनाए रखने के लिए उपयोगी व्यायामों की जानकारी दी जबकि पेन क्लिनिक विशेषज्ञों ने दर्द प्रबंधन संबंधी परामर्श प्रदान किया। मनोचिकित्सा विभाग ने मरीजों की काउंसलिंग कर उन्हें मानसिक एवं भावनात्मक सहयोग भी उपलब्ध कराया। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश में सिकल सेल रोग के लिए पहला सक्षमता केंद्र बीएमएचआरसी में स्थापित किया गया है, जो मरीजों को समग्र उपचार और परामर्श सेवाएं प्रदान कर रहा है।







