रक्तदान महादान: घोड़ाडोंगरी में विश्व रक्तदान दिवस पर उमड़ा जनसैलाब, रक्तवीरों ने दिखाई मानवता की मिसाल

रक्तदान महादान: घोड़ाडोंगरी में विश्व रक्तदान दिवस पर उमड़ा जनसैलाब, रक्तवीरों ने दिखाई मानवता की मिसाल
बैतूल/घोड़ाडोंगरी। विश्व रक्तदान दिवस के उपलक्ष्य में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोड़ाडोंगरी में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक जागरूकता रैली भी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर रक्तदान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
शिविर का उद्घाटन बैतूल जिले की रक्त संग्रह अधिकारी डॉ. सीथे ने प्रेरणादायी उद्बोधन के साथ किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि रक्तदान एक ऐसा महादान है, जो किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने सभी से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।
रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में रक्तवीरों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और मानव सेवा का परिचय दिया। रक्तदाताओं के उत्साह ने यह साबित किया कि समाज में सेवा और संवेदनशीलता की भावना आज भी जीवंत है।
रक्तदान के पश्चात सभी रक्तदाताओं को जूस एवं फल वितरित किए गए। साथ ही उनके इस सराहनीय योगदान के लिए प्रमाण पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। आयोजन ने क्षेत्र में सामाजिक जागरूकता और मानव सेवा की भावना को और मजबूत किया।






