
जबलपुर, यशभारत। शहर में आयोजित हुआ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के कार्यक्रम को लेकर भाजपा-कांग्रेस दोनों दलों के नेता आमने-सामने आ गए है। दोनों पार्टियों के जिला अध्यक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जिला कांग्रेस अध्यक्ष और महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कहा कि प्रियंका गांधी कार्यक्रम को लेकर बीजेपी के नेताओं के पेट में दर्द हो गया है। उन्हें यह कार्यक्रम हजम नहीं हो रहा है, कार्यक्रम में जुुटी भीड़ इस बात का संकेत है कि भाजपा से लोगों का मोह भंग हो चुका है। इस बार कांग्रेस की सरकार बन रही है।

महापौर ने कहा कि भाजपा के नेता हर बार मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में प्रशासनिक मशीनरी का दुरूपयोग करते हैं और उसके प्रमाण मौजूद है मेरे पास। इधर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रभात साहू और नेता प्रतिपक्ष कमलेश अग्रवाल ने कहा कि कांग्रेस की प्रियंका गांधी का कार्यक्रम जबलपुर में फ्लाप रहा। कांग्रेस के नेता भीड़ नहीं जुटा पाए , जब जनता कार्यक्रम तक नहीं पहुंची तो नगर निगम के सफाई कर्मियों को बैठा दिया गया। यही नहीं कांग्रेस नेताओं ने सरकारी मशीनरी का नियम विरूद्व इस्तेमाल किया। भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रियंका गांधी और कमलनाथ कार्यक्रम में घोषणा कर गए महिलाओं को 1500 रूपए दिए जाएंगे लेकिन जनता को यह नहीं बताया कि यह पैसा कहां से देंगे जबकि सीएम शिवराज सिंह चौहान ने जो बोला वेा कर दिखाया।
भाजपा नेताओं को विकास से सरोकार नहीं- महापौर
प्रियंका गांधी कार्यक्रम को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रभात साहू और नेता प्रतिपक्ष कमलेश अग्रवाल की प्रतिक्रिया आने के बाद जिला अध्यक्ष कांग्रेस जगत बहादुर सिंह अन्नू ने भाजपा पर तींखा हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी नेताओं को विकास से कोई लेना-देना नहीं है। इनको शहर से कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन अब इनकी बकवास नहीं चलेगी, जनता इसका जवाब देगी। महापौर ने कहा कि सतपुड़ा भवन में लगी आग इस बात का संकेत है कि भाजपा की सरकार जा रही है।
अच्छी-अच्छी बात करना ठीक पर काम जरूरी है- प्रभात साहू
बीजेपी नगर अध्यक्ष प्रभात साहू और नेताप्रतिपक्ष कमलेश अग्रवाल ने महापौर को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि महापौर ने कहा था कि जनवरी माह में जबलपुर की अलग तस्वीर होगी पर ऐसा वो कर नहीं सके। महापौर बताएं कहां जबलपुर की अलग तस्वीर है। जबलपुर की जनता का कांग्रेस से भाव समाप्त हो चुका है। अच्छी-अच्छी बात करना ठीक है परंतु उसके हिसाब से काम भी जरूरी है। महापौर से विकास नहीं हो रहा है सिर्फ हवा में बात की जा रही है।