सगे भाइयों ने युवक पर किया चाकू से जानलेवा हमला, हालत गंभीर

सगे भाइयों ने युवक पर किया चाकू से जानलेवा हमला, हालत गंभीर
भोपाल, यश भारत। थाना पिपलानी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली लेबर कॉलोनी में मामूली विवाद को लेकर एक युवक पर चाकू से प्राणघातक हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर तीन आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पिपलानी पुलिस के अनुसार, लेबर कॉलोनी निवासी अख्तर खान का क्षेत्र के ही रहने वाले उबैस, उमेर और उजेब से किसी बात को लेकर मामूली विवाद हो गया था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि तीनों आरोपियों ने मिलकर अख्तर खान के भाई अरबाज पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में अरबाज के शरीर पर गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल अरबाज को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मामले में पुलिस ने फरियादी अख्तर खान की शिकायत पर तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।






