आम की खुशबू से महकेगा भोपाल, अमेरिका, जापान और इंग्लैंड के विदेशी आमों से सजेगा जवाहर बाग

आम की खुशबू से महकेगा भोपाल, अमेरिका, जापान और इंग्लैंड के विदेशी आमों से सजेगा जवाहर बाग
यश भारत भोपाल । राजधानी भोपाल के आम प्रेमियों के लिए इस बार गर्मी का मौसम और भी खास होने जा रहा है। भेल क्षेत्र स्थित जवाहर बाग में 5 से 7 जून तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय आम महोत्सव में देश विदेश की दुर्लभ प्रीमियम और लोकप्रिय आम किस्में एक ही छत के नीचे देखने को मिलेंगी। महोत्सव में अमेरिका जापान और इंग्लैंड सहित कई देशों के विशेष आमों का प्रदर्शन होगा जो आगंतुकों के लिए मुख्य आकर्षण रहेंगे। आम महोत्सव में देशभर की प्रसिद्ध किस्मों जैसे हापुस अल्फांसो दशहरी केसर चौसा लंगड़ा तोतापरी मल्लिका अमरपाली, नीलम सिंदूरी और बनारसी लंगड़ा के साथ साथ कई दुर्लभ प्रजातियां भी प्रदर्शित की जाएंगी। विदेशी किस्मों में पीटर इंग्लैंड ब्लैक गोल्ड मियाजाकी रेड पामर टॉमी एटकिंस और अन्य प्रीमियम आम लोगों के आकर्षण का केंद्र बनेंगे । जापान का मियाजाकी आम दुनिया के सबसे महंगे आमों में गिना जाता है जबकि ब्लैक गोल्ड अपनी गहरी रंगत और विशिष्ट स्वाद के लिए प्रसिद्ध है। वहीं पीटर इंग्लैंड नामक दुर्लभ प्रजाति अपनी आकर्षक बनावट और मिठास के कारण लोगों को आकर्षित करती है। स्वाद के साथ मिलेगी जानकारी , आम महोत्सव केवल प्रदर्शनी तक सीमित नहीं रहेगा। यहां आने वाले आगंतुकों को विभिन्न आम किस्मों की विशेषताओं उनकी खेती स्वाद उत्पादन क्षमता और बाजार मूल्य की जानकारी भी दी जाएगी। बागवानी विशेषज्ञ किसानों और फल उत्पादकों को उन्नत तकनीकों तथा बेहतर उत्पादन के बारे में मार्गदर्शन देंगे। किसानों और आम प्रेमियों का संगम महोत्सव में प्रदेश के विभिन्न जिलों के आम उत्पादक बागवानी विशेषज्ञ और फल प्रेमी एक मंच पर जुटेंगे। आयोजन का उद्देश्य आम की विविध प्रजातियों को बढ़ावा देना किसानों को नई किस्मों से परिचित कराना और लोगों को भारतीय फलों की समृद्ध विरासत से जोड़ना है। जवाहर बाग में आयोजित यह महोत्सव प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 9 बजे तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। आयोजकों ने भोपालवासियों से परिवार सहित महोत्सव में पहुंचकर आम की विभिन्न प्रजातियों उनके स्वाद सुगंध और गुणवत्ता का अनुभव लेने की अपील की है। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में आम की दर्जनों किस्में, उनकी अनूठी विशेषताएं और दुर्लभ प्रजातियों का प्रदर्शन राजधानीवासियों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं होगा। आम की मिठास सुगंध और विविधता से सराबोर यह महोत्सव निश्चित रूप से भोपाल के सबसे आकर्षक आयोजनों में शामिल होने जा रहा है।







