भोपाल पुलिस ने 500 छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के सिखाए गुर

भोपाल पुलिस ने 500 छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के सिखाए गुर
भोपाल,यशभारत। राजधानी में पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘साइबर जागरूकता है मुस्कान’ अभियान के तहत पटेल नगर स्थित माउंट फोर्ट हायर सेकेंडरी स्कूल में एक विशेष किशोरी जागरूकता संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस पहल के अंतर्गत लगभग 500 छात्र एवं छात्राओं को साइबर अपराधों से सुरक्षित रहने के महत्वपूर्ण उपाय बताए गए और जागरूकता पेंपलेट वितरित किए गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षा, आत्मरक्षा, और अधिकारों की जानकारी देना था, साथ ही यह समझाना था कि साइबर अपराध क्या होते हैं और उनसे कैसे बचा जाए। व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम, फेसबुक, ट्विटर, गूगल और इंटरनेट के माध्यम से अनजाने में होने वाले अपराधों के प्रति जागरूकता फैलाना इस संवाद का केंद्र बिंदु रहा।
प्रधान आरक्षक आशीष श्रीवास ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा, “जागरूक किशोरी ही सुरक्षित भविष्य की नींव है।” उन्होंने समाज से आह्वान किया कि वे बेटियों के सशक्तिकरण और सुरक्षा के लिए मिलकर आगे आएं। कार्यक्रम में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने छात्राओं को संकोच छोड़कर किसी भी आपात स्थिति में तुरंत डायल 112 या 1930 पर संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।







