भोपालमध्य प्रदेश

त्योहारों से पहले भोपाल पुलिस की ईरानी डेरे में चौपाल, दी सख्त चेतावनी

त्योहारों से पहले भोपाल पुलिस की ईरानी डेरे में चौपाल, दी सख्त चेतावनी

अवैध गतिविधियों और सरकारी काम में बाधा डालने वालों की अब खैर नहीं

पुलिस ने युवाओं को नशे से दूर रहने की दी सलाह
भोपाल,यशभारत। आगामी त्योहारों के मद्देनजर राजधानी में शांति और सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद करने के लिए भोपाल पुलिस अब जमीनी स्तर पर उतर आई है। इसी कड़ी में पुलिस के आला अधिकारियों ने जोन-4 के अंतर्गत आने वाले अमन कॉलोनी स्थित ईरानी डेरे में पहुँचकर स्थानीय लोगों के साथ सीधा संवाद (जनसंवाद) किया।
वरिष्ठ अधिकारियों ने संभाली कमान
जोन-4 के डीसीपी मयूर खण्डेलवाल, एडिशनल डीसीपी मलकीत सिंह और एसीपी अक्षय चौधरी ने क्षेत्र का पैदल भ्रमण किया। इस दौरान अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से उनकी समस्याएं जानीं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग मांगा। पुलिस ने विशेष रूप से साइबर अपराधों से बचने के तरीके साझा किए और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जागरूक किया।
अपराधी को बचाने की कोशिश की तो होगी जेल
जनसंवाद के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कड़े शब्दों में हिदायत दी कि शासकीय कार्य में किसी भी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जब भी पुलिस टीम किसी अपराधी को पकड़ने या जांच के लिए डेरे में पहुंचे, तो स्थानीय लोग विरोध करने के बजाय सहयोग करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी ने कानून हाथ में लेने या पुलिस की कार्रवाई को रोकने की कोशिश की, तो उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नशे और अपराध से दूरी बनाने की अपील
क्षेत्र के युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से डीसीपी ने उन्हें नशे की लत और आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि अपराध का रास्ता केवल बर्बादी की ओर ले जाता है, इसलिए बेहतर भविष्य के लिए शिक्षा और सकारात्मक कार्यों पर ध्यान दें।
सख्ती के साथ संवाद का संदेश
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले ही पुलिस ने इस क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया था, जिसके बाद से प्रशासन यहाँ और भी सतर्क हो गया है। पुलिस का यह जनसंवाद कार्यक्रम एक संदेश है कि प्रशासन शांति बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाएगा और किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि या अवैध कारोबार को चलने नहीं दिया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button