भोपाल पुलिस कमिश्नर ने एमपी नगर और जहांगीराबाद थानों का किया औचक निरीक्षण

भोपाल पुलिस कमिश्नर ने एमपी नगर और जहांगीराबाद थानों का किया औचक निरीक्षण
पेट्रोलिंग बढ़ाने और नागरिकों से सभ्य व्यवहार के दिए सख्त निर्देश
भोपाल, यशभारत। भोपाल पुलिस कमिश्नरेट में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को और मजबूत करने की कवायद तेज हो गई है। पुलिस कमिश्नर हरिनारायणाचारी मिश्र ने शुक्रवार, 28 नवंबर को अचानक थाना एम पी नगर और थाना जहांगीराबाद का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थानों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया और व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए मौके पर ही सख्त दिशा-निर्देश जारी किए।
कमिश्नर मिश्र ने दोनों थानों में विभिन्न सरकारी रजिस्टरों और अभिलेखों के संधारण (रखरखाव) का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि रिकॉर्ड को पूरी तरह से दुरुस्त और अद्यतन रखा जाए, जिससे किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई में अनावश्यक विलंब न हो।
जनता से जुड़े मुद्दों पर विशेष ज़ोर
निरीक्षण का मुख्य फोकस जनता से जुड़े मुद्दों पर रहा। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि संबंधित क्षेत्रों में नियमित और सघन पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके और आमजन स्वयं को सुरक्षित महसूस करें। आम जनता द्वारा दर्ज कराई गई हर शिकायत का वैधानिक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए शीघ्र निराकरण किया जाए। वही थानों में आने वाले हर नागरिक के साथ पुलिसकर्मी सभ्य, शालीन और मानवीय व्यवहार करें। उन्होंने कहा कि पुलिस का व्यवहार मित्रवत होना चाहिए ताकि जनता का विश्वास पुलिस प्रशासन में बना रहे।








