भारत ब्रेकिंग : सिया कार्यालय में ताला डालने के विवाद में मुख्यमंत्री ने की कार्रवाई

भारत ब्रेकिंग : सिया कार्यालय में ताला डालने के विवाद में मुख्यमंत्री ने की कार्रवाई
.. पर्यावरण विभाग के प्रमुख सचिव नवनीत मोहन कोठारी को हटाया
यश भारत भोपाल। सिया यानी राज्य स्तरीय पर्यावरण प्रभाव निर्धारण प्राधिकरण कार्यालय में ताला लगाने की घटना के बाद दो आईएएस अधिकारियों पर गाज गिरी है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव को दुबई और स्पेन के दौरे के दौरान घटनाक्रम की जानकारी लग गई थी। दौरे से वापस आने के बाद ही मुख्यमंत्री ने बुधवार को प्रमुख सचिव डॉ नवनीत मोहन कोठारी को हटा दिया है। साथ ही उमा माहेश्वरी आर को हटाते हुए कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई है। इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं। सिया कार्यालय में हुए विवाद को लेकर यशभारत ने पूरे घटनाक्रम का उल्लेख किया था। जिसके बाद जानकारी मुख्यमंत्री तक पहुंची थी। सिया कार्यालय में ताला लगाने की घटना के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पर्यावरण विभाग के प्रमुख सचिव डॉ. नवनीत मोहन कोठारी और एप्को की कार्यपालन संचालक उमा माहेश्वरी आर को हटा दिया है। साथ ही, चंद्रमौली शुक्ला को मुख्यमंत्री सचिवालय में अपर सचिव बनाया गया है। सामान्य प्रशसन विभाग की तरफ से बुधवार को जारी आदेश में डॉ. कोठारी को राज्यपाल का प्रमुख सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं, अपर मुख्य सचिव केसी गुप्ता को राजभवन से हटाकर कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग में पदस्थ किया गया है। उमा माहेश्वरी आर अब केवल ओएसडी सह संचालक भारतीय चिकित्सा पद्धति और होम्योपैथी का दायित्व संभालेंगी, एप्को की जिम्मेदारी हटा दी गई है। मुख्यमंत्री डॉ यादव के दुबई प्रवास के दौरान पर्यावरण विभाग के प्रमुख सचिव डॉ कोठारी और सिया के चेयरमैन एसएन चौहान के बीच चल रहे विवाद में तब बखेड़ा खड़ा हो गया था जब एप्को परिसर स्थित सिया के चेयरमैन के दफ्तर में ताला लगा दिया गया। इसके बाद सिया के चेयरमैन ने पूरे मामले की शिकायत चीफ सेक्रेटरी से की थी।







