भोपालमध्य प्रदेश

बैरागढ़ पुलिस ने 3 लाख के 6 चोरी के वाहनों के साथ शातिर बदमाश को किया गिरफ्तार

बैरागढ़ पुलिस ने 3 लाख के 6 चोरी के वाहनों के साथ शातिर बदमाश को किया गिरफ्तार

भोपाल, यशभारत। राजधानी की बैरागढ़ थाना पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अलग-अलग थाना क्षेत्रों से चुराए गए आधा दर्जन दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। जब्त किए गए इन सभी वाहनों की कुल कीमत करीब 3 लाख रुपये आंकी गई है।

मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि बीते 22 जून को बैरागढ़ निवासी फरियादिया ऊषा लेखवानी पिता मुरली लेखवानी ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 22 जून की रात उन्होंने अपनी मैस्ट्रो स्कूटी को अपने घर के सामने खड़ा किया था, जिसे कोई अज्ञात चोर चुरा ले गया। महिला की शिकायत पर बैरागढ़ पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग, कड़ाई से पूछताछ में उगले राज
तफ्तीश के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक संदिग्ध युवक उक्त स्कूटी को ले जाता हुआ दिखाई दिया। हुलिए और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेह के घेरे में आए 21 वर्षीय युवक दीपेश आसवानी पिता संजय आसवानी निवासी: पीपल वाली गली, सीआरपी गुरुद्वारा के पास, बैरागढ़ को हिरासत में लिया। जब पुलिस ने उससे मैस्ट्रो स्कूटी के संबंध में पूछताछ की, तो उसने वाहन चोरी करना स्वीकार कर लिया।

भोपाल शहर में लगातार हो रही वाहन चोरियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जब पुलिस ने आरोपी दीपेश से सख्ती से पूछताछ की, तो उसने बैरागढ़ के अलावा शहर के अन्य इलाकों से भी वाहन चुराना कबूल किया। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई अन्य पांच गाड़ियां भी बरामद कर लीं, जिन्हें पुलिस ने अपनी कस्टडी में ले लिया है।

शहर के इन इलाकों से पार किए थे वाहन
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने बैरागढ़ थाने के तहत आने वाले टीवीएस शोरूम के सामने झूलेलाल कॉलोनी के गेट के पास से एक मोटरसाइकिल चुराई थी। इसके अलावा उसने कोहेफिजा थाना क्षेत्र के अंतर्गत विजयनगर लालघाटी से एक एक्टिवा स्कूटी,जीएडी चौराहा कोहेफिजा से दूसरी एक्टिवा और भूत बंगला के सामने स्थित आंख के अस्पताल के पास से तीसरी एक्टिवा स्कूटी चोरी की थी। आरोपी ने करीब डेढ़ महीने पहले निशातपुरा थाना क्षेत्र के करोंद स्थित संजय स्वीट्स के पास से एक एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल चोरी करना भी स्वीकार किया है। इन सभी मामलों में संबंधित थानों में अपराध दर्ज हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button