रामनवमी पर गौरीघाट में होगा आविर्भाव समारोह का आयोजन.
लोक-भक्ति गायन एवं श्रीराम केंद्रित नृत्य नाटिका की होगी प्रस्तुति.

रामनवमी पर गौरीघाट में होगा आविर्भाव समारोह का आयोजन.
लोक-भक्ति गायन एवं श्रीराम केंद्रित नृत्य नाटिका की होगी प्रस्तुति.
जबलपुर, यश भारत श्रीरामचंद्र पथ गमन न्यास द्वारा श्रीरामनवमी के पावन पर्व पर कलानुशासनों में श्रीरामचंद्र की महिमा केन्द्रित ‘आविर्भाव समारोह’ का आयोजन 27 मार्च को सायं 6.30 बजे से माँ नर्मदा के पवित्र तट गौरीघाट पर किया जाएगा। जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित यह सांस्कृतिक संध्या श्रद्धा, भक्ति और शास्त्रीय-सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों का अनुपम संगम होगी।
समारोह का शुभारंभ नरसिंहपुर के बुंदेली गायक सुमित दुबे एवं साथी कलाकारों के लोक गायन से होगा, जिसमें लोकधारा के माधुर्य के साथ प्रभु श्रीराम की महिमा का गुणगान किया जाएगा। इसके बाद भोपाल की सुश्री नूपुर माहौर एवं साथी कलाकार भरतनाट्यम शैली में ‘लव-कुश की रामायण’ पर आधारित नृत्य-नाटिका के माध्यम से मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों, त्याग और धर्मनिष्ठा को सजीव रूप में अभिव्यक्त करेंगे।
समारोह की अंतिम प्रस्तुति सिवनी के रुद्रकांत ठाकुर के भावपूर्ण भक्ति गायन की होगी। यह आयोजन जन-मानस को भारतीय सांस्कृतिक परंपरा, रामकथा और भक्ति रस से अनुप्राणित करने का एक सशक्त माध्यम बनेगा।







