बीजेपी के प्रदर्शन में उछाली संविधान विरोधी तख्ती, प्रवक्ता ने छिपाया; जोकर बन पहुंचा युवक

बीजेपी के प्रदर्शन में उछाली संविधान विरोधी तख्ती, प्रवक्ता ने छिपाया; जोकर बन पहुंचा युवक
भोपाल, यशभारत। दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के प्रदर्शन के विरोध में बुधवार को भोपाल के रेड क्रॉस चौराहे पर जमकर हंगामा हुआ। बीजेपी विधायक भगवानदास सबनानी की अगुआई में कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे थे, तभी एक महिला कार्यकर्ता के हाथ में संविधान विरोधी बातें लिखी विवादित तख्ती नजर आ गई। मामला तूल पकड़ता देख भाजपा के जिला प्रवक्ता राजेंद्र गुप्ता ने तुरंत महिला से वह तख्ती छीनी, उसे तोड़ा और अपनी बाइक की डिग्गी में छिपा दिया। इस दौरान सवाल पूछे जाने पर महिला कार्यकर्ता हंसकर बात टालती दिखी।

जोकर बनकर कसा तंज
प्रदर्शन में एक युवक जोकर की वेशभूषा पहनकर पहुंचा। उसकी टी-शर्ट पर एक पोस्टर लगा था, जिस पर लिखा था। देश का अपमान, मेरा काम राहुल गांधी। इस अनोखे विरोध ने चौराहे पर मौजूद लोगों का ध्यान खींचा।
विपक्ष का पलटवार, PCC पर पुलिस तैनात
इधर, दिल्ली के घटनाक्रम और बीजेपी के प्रदर्शन के जवाब में विपक्षी दल भी हमलावर हो गए हैं:
उमंग सिंघार की प्रेस कॉन्फ्रेंस: नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने श्यामला हिल्स स्थित आदिवासी छात्रावास में छात्रों के मुद्दों और दिल्ली की घटना को लेकर केंद्र सरकार को घेरेगे।
सपा का विरोध: सपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने अखिलेश यादव को हिरासत में लिए जाने के विरोध में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाया।
दोनों पक्षों के आमने-सामने आने और राजनीतिक सरगर्मी बढ़ने के बाद सुरक्षा के मद्देनजर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के दोनों मुख्य गेटों पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।







