महिला के गले से अज्ञात महिला और युवकों ने मंगलसूत्र लूटा -पीडि़ता ने सात दिन बाद पुलिस में की शिकायत, केस दर्ज

महिला के गले से अज्ञात महिला और युवकों ने मंगलसूत्र लूटा
-पीडि़ता ने सात दिन बाद पुलिस में की शिकायत, केस दर्ज
भोपाल, यशभारत।
बैरसिया थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ शातिर महिला और उसके दो साथियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने महिला को अपने साथ चलने को कहा और सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके गले से सोने का मंगलसूत्र लूट लिया। वारदात के सात दिन बाद फरियादिया थाने पहुंची और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का केस दर्ज कराया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
थाना प्रभारी विरेन्द्र सेन ने बताया कि ऊंची ललोई बैरसिया निवासी राज बाई साहू पति भगवत सिंह साहू(50) गृहणी हैं। गत 25 अगस्त को वह अपने मायके डुंगरिया से ऊंची ललोई जाने के लिए बैरसिया बस स्टेण्ड पर पहुंची थी। जहां पर वह सब्जी खरीदने के बाद बस का इंतजार कर रहीं थी। तभी एक अज्ञात महिला और दो युवक उनके पास पहुंचे। महिला ने राज बाई से कहा कि अम्मा चलो, तो वह बिना कुछ सोचे उनके साथ पैदल चल दीं। दोपहर करीब साढ़े बारह बजे तीनों आरोपी उन्हें शांतिकुंज स्थित कुंज बिहार कॉलोनी लेकर पहुंचे। जहां पर आरोपियों ने फरियादिया के गले से सोने का मंगलसूत्र छीना और फरार हो गए। लूट की वारदात के कुछ समय बाद महिला को एहसास हुआ कि आरोपी उसका मंगलसूत्र छीन कर ले गए हैं। इसके बाद वह अपने घर चली गईं। कल उन्होंने अपने पति को पूरी घटना बताई और थाने पहुंच कर सूचना दी। पुलिस ने फरियादिया की शिकायत पर अज्ञात महिला व दो युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही है।







