एसीएस विनोद कुमार और डीजी होमगार्ड अरविंद कुमार हुए सेवानिवृत्त

एसीएस विनोद कुमार और डीजी होमगार्ड अरविंद कुमार हुए सेवानिवृत्त
भोपाल। अपर मुख्य सचिव विनोद कुमार और डीजी होमगार्ड अरविंद कुमार का शुक्रवार को शासकीय सेवा में अंतिम कार्य दिवस है। इसी तरह दतिया कलेक्टर संदीप कुमार मॉकिन भी आज से रिटायर हो गए हैं। इन अफसरों को 31 मई को रिटायर होना है, लेकिन 31 मई को शनिवार का अवकाश होने के चलते ये आज से ही सेवानिवृत्त होंगे। होमगार्ड डीजी अरविंद कुमार के रिटायर होने के बाद गृह विभाग ने उनके स्थान पर प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव को नया होमगार्ड डीजी पदस्थ किया है। उधर, सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा नए एसीएस के नाम को लेकर अभी आदेश जारी किया जाना बाकी है। माना जा रहा है कि ऐसे में अपर मुख्य सचिव के रिक्त पद पर एक दो दिनों में मनीष रस्तोगी की पदस्थापना की जा सकती है। आईएएस पदक्रम सूची में प्रमुख सचिव वित्त मनीष रस्तोगी से सीनियरिटी क्रम में हरिरंजन राव का नाम है, लेकिन राव दिल्ली में प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ हैं और उनके फिलहाल एमपी वापसी की सूचना भी नहीं है। इसलिए राव को काल्पनिक पदोन्नति देते हुए सामान्य प्रशासन विभाग रस्तोगी को अपर मुख्य सचिव पद पर प्रमोट करने का आदेश जारी कर सकता है। दूसरी ओर दतिया कलेक्टर संदीप कुमार मॉकिन का रिटायरमेंट भी 31 मई को है। इसलिए एक दो दिन में दतिया में नए कलेक्टर की पदस्थापना की जाएगी। आईपीएस अफसरों की नई पदस्थापना होमगार्ड डीजी अरविंद कुमार के सेवानिवृत्त हाने पर इसपद पर स्पेशल डीजी की पदस्थापना की गई है। गृह विभाग द्वारा जारी आदेश में प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव को स्पेशल डीजी महिला सुरक्षा पुलिस मुख्यालय सेल से अब डीजी होमगार्ड नागरिक सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके स्थान एडीजी एसआईएसएफ पीएचक्यू और पुलिस कल्याण का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे अनिल कुमार को एडीजी महिला सुरक्षा पुलिस मुख्यालय और पुलिस कल्याण का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।