छात्रा से दुष्कर्म के आरोप पर NSUI के खिलाफ अभाविप का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन, भोपाल में पुतला फूंका आरोपी पदाधिकारी की तत्काल गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग

छात्रा से दुष्कर्म के आरोप पर NSUI के खिलाफ अभाविप का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन, भोपाल में पुतला फूंका
आरोपी पदाधिकारी की तत्काल गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग
भोपाल, यश भारत। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने भोपाल सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई NSUI के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया। अभाविप ने भोपाल के बोर्ड ऑफिस चौराहे पर प्रदर्शन कर एनएसयूआई पदाधिकारी पर दर्ज दुष्कर्म के मामले में तत्काल गिरफ्तारी निष्पक्ष जांच और पीड़िता को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग उठाई।
अभाविप का कहना है कि पीपलानी क्षेत्र में एनएसयूआई के छात्र गूंज की आवाज़ अभियान के दौरान संगठन के जिला महासचिव सुभाष यादव के विरुद्ध अपनी ही संगठन की एक दलित छात्रा ने दुष्कर्म यौन उत्पीड़न और धमकी देने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। परिषद ने आरोप लगाया कि यह मामला महिला सुरक्षा और सामाजिक न्याय से जुड़ा गंभीर विषय है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराने की मांग की। साथ ही कहा कि यदि किसी व्यक्ति ने पीड़िता पर दबाव बनाने या जांच को प्रभावित करने का प्रयास किया है तो उसकी भी निष्पक्ष जांच कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। अभाविप की केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य शालिनी वर्मा ने कहा कि यह घटना केवल एक आपराधिक मामला नहीं बल्कि एनएसयूआई के चरित्र को उजागर करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं के सम्मान की बात करने वाला संगठन अपनी ही कार्यकर्ता की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर पाया। प्रांत छात्रा प्रमुख बबली शर्मा ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा केवल भाषणों का विषय नहीं बल्कि व्यवस्था की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि किसी भी छात्रा के साथ अन्याय होने पर अभाविप उसके साथ खड़ी रहेगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करती रहेगी।
अभाविप ने कहा कि महिला सम्मान और छात्र हितों से जुड़े मामलों में वह निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग को लेकर आगे भी संघर्ष जारी रखेगी। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में अभाविप पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।







