
जबलपुर, यशभारत। गोरखपुर थाना क्षेत्र के शक्तिनगर, गुप्तेश्वर में सोमवार को एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है। सूचना मिलते ही गोरखपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान जय विश्वकर्मा के रूप में हुई है, जो स्कूल वैन चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि उसकी पत्नी काफी समय से अपने मायके में रह रही थी। इस कारण दोनों के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि घरेलू तनाव के चलते युवक ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
हालांकि, पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। जांच अधिकारी परिजनों, पड़ोसियों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर रहे हैं ताकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट स्थिति सामने आएगी।
घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत जांच कर रही है।







