ग्राहक की तलाश में खडे शातिर वाहन चोर पुलिस गिरफ्त में, 5 दुपहिया वाहन जब्त
लॉक तोड़कर वाहन चोरी करते थे

जबलपुर,यशभारत। थाना ग्वारीघाट पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के 5 दुपहिया वाहन बरामद किए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है। थाना प्रभारी सुभाष चंद बघेल ने जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 24 दिसंबर को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि भटौली कुंड के पास चार युवक एक मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बेचने के लिए ग्राहक तलाश कर रहे हैं। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां चारों युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगे। हमराह स्टाफ एवं आसपास मौजूद लोगों की मदद से चारों को पकड़ लिया गया।
पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम अमन पटैल उर्फ बाटली पिता अमर पटैल उम्र 19 वर्ष निवासी बनारसी सुनार के पास कालीमठ मंदिर मदनमहल तथा तीन विधि उल्लंघनकारी बालक होना बताया। आरोपियों से जब वाहनों के दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। संदेह होने पर पुलिस ने उन्हें अभिरक्षा में लेकर एक बिना नंबर की काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और एक बिना नंबर की सफेद-हरे रंग की एक्सेस स्कूटी के साथ थाना लाया।
थाने में पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपने फरार साथी सृजल राय पिता रामकृपाल राय उम्र 21 वर्ष निवासी ग्रीन सिटी माढोताल जिला जबलपुर के साथ मिलकर थाना ग्वारीघाट, लार्डगंज, गढ़ा, मदनमहल एवं गोहलपुर क्षेत्र से कुल 5 दुपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि वे सभी मिलकर पहले सुनसान जगहों पर खड़े वाहनों की रेकी करते थे और फिर लॉक तोड़कर वाहन चोरी कर लेते थे। पुलिस द्वारा सभी आरोपियों से एक-एक दुपहिया वाहन जब्त किया गया है। फरार आरोपी सृजल राय की तलाश में उसके घर पर दबिश दी गई, जहां वह मौजूद नहीं मिला, लेकिन उसके घर से थाना ग्वारीघाट के अपराध क्रमांक 465/25 में चोरी गया एक दुपहिया वाहन बरामद कर लिया गया है।






