खमरिया थाना के सामने हिस्ट्रीशीटर ने किया आत्मदाह का प्रयास
पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप, अधिकारी कह रहे दबाव बनाने की कोशिश

जबलपुर, यशभारत। खमरिया थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक ने थाने के सामने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए युवक को समय रहते बचा लिया और बड़ा हादसा टल गया। आत्मदाह का प्रयास करने वाले युवक की पहचान धर्मेंद्र यादव के रूप में हुई है। धर्मेंद्र ने आरोप लगाया कि खमरिया थाने में पदस्थ पुलिसकर्मी अशोक पांडे और शिवशंकर द्विवेदी उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं तथा उससे अवैध रूप से पैसों की मांग की जा रही है। युवक का कहना है कि यदि उसकी शिकायतों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वह अपने परिवार सहित आत्मदाह जैसा कदम उठाने को मजबूर होगा।
वहीं इस मामले में खमरिया थाना के एसआई अमन नायक ने युवक के आरोपों को सिरे से खारिज किया है। एसआई नायक के अनुसार, बीती रात धर्मेंद्र यादव अवैध रूप से ट्रैक्टर से रेत का परिवहन कर रहा था, जिस पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर जब्त किया था। ट्रैक्टर छुड़वाने के लिए आरोपी थाने पहुंचा और पुलिस पर दबाव बनाने के उद्देश्य से उसने खुद पर पेट्रोल डाल लिया। पुलिस के अनुसार धर्मेंद्र यादव क्षेत्र का निगरानीशुदा बदमाश है, जिसका जिलाबदर किया गया है इसके खिलाफ मारपीट, अवैध शराब सहित एक दर्जन से अधिक आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि आरोपी द्वारा लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं और मामले की विधि अनुसार जांच की जा रही है।






