5 हजार का इनामी बदमाश अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार

5 हजार का इनामी बदमाश अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार
गौवंश वध मामले में लंबे समय से था फरार
भोपाल, यश भारत। राजधानी की ऐशबाग थाना पुलिस ने एक शातिर इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी गौवंश वध के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था, जिस पर पुलिस ने 5000 रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध देशी पिस्टल और चार जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
बसों के पीछे छिपने की कोशिश, पुलिस ने घेरा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि पुष्पा नगर पार्किंग ग्राउंड के पास एक संदिग्ध व्यक्ति काले रंग के कपड़े पहने अवैध हथियार के साथ घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी पार्किंग में खड़ी बसों के पीछे छिपने लगा, जिसे टीम ने राहगीरों की मदद से घेराबंदी कर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक देशी पिस्टल और 4 जिंदा कारतूस मिले, जिनके वैध दस्तावेज वह नहीं दिखा पाया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान मोहम्मद अमन पिता मोहम्मद जब्बार (28 वर्ष), निवासी कम्मू का बाग, ऐशबाग के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ पूर्व से ही गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम और बीएनएस की धाराओं के तहत मामला (अप.क्र. 327/25) दर्ज था, जिसमें वह फरार चल रहा था। अब पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत एक और मामला दर्ज कर उसे माननीय न्यायालय में पेश किया
है।







